मंत्री मदन सहनी ने मद्यनिषेध व निबंधन विभाग की समीक्षा की, अवैध शराब के खिलाफ सघन अभियान चलाने के दिए निर्देश

Amit Singh
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: दरभंगा, 17 मई। बिहार सरकार के मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग के मंत्री Madan Sahni ने शनिवार को जिला अतिथि गृह, दरभंगा में विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में राजस्व प्राप्ति, भूमि निबंधन, विवाह निबंधन, अवैध शराब कारोबार पर कार्रवाई सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।

बैठक की शुरुआत में जिला पदाधिकारी कौशल कुमार ने मिथिला परंपरा के अनुसार मंत्री को साल और पाग भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान जिला अवर निबंधक पदाधिकारी स्वीटी सुमन ने भूमि निबंधन की प्रक्रियाओं, स्थलीय निरीक्षण व्यवस्था तथा राजस्व कार्यों की प्रगति की जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि जिले में भूमि को शहरी, पेरीफेरल और ग्रामीण क्षेत्रों में विभाजित कर विभिन्न श्रेणियां निर्धारित की गई हैं।

समीक्षा बैठक में मंत्री ने एमबीआर रिवीजन की प्रगति पर चर्चा करते हुए भूमि विवाद कम करने के लिए पारदर्शी और सरल निबंधन प्रक्रिया पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विवादित जमीन का निबंधन नहीं होना चाहिए, क्योंकि इससे खरीदारों को भारी परेशानी होती है।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

मंत्री ने निर्देश दिया कि रजिस्ट्री के दिन ही डीड की कॉपी उपलब्ध कराई जाए तथा रजिस्ट्री कार्यालयों में आने वाले लोगों को सभी बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने पुराने अभिलेखों के डिजिटाइजेशन कार्य में तेजी लाने और निबंधन के नए नियमों की जानकारी फेसबुक सहित अन्य माध्यमों से आम लोगों तक पहुंचाने का निर्देश दिया।

बैठक में यह भी बताया गया कि 80 वर्ष से अधिक आयु के इच्छुक वरिष्ठ नागरिकों के लिए होम रजिस्ट्रेशन और मोबाइल रजिस्ट्रेशन यूनिट की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। मंत्री ने कहा कि जरूरतमंद लोगों को उनकी इच्छा के अनुसार इस सुविधा का लाभ दिया जाएगा।

इसके अलावा विवाह निबंधन की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि विवाह निबंधन के लिए 100 रुपये का चालान जमा किया जाता है।

बैठक में सहायक आयुक्त मद्यनिषेध प्रदीप कुमार ने जिले में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की जानकारी दी। मंत्री ने शराब मामलों में जब्त वाहनों की जल्द नीलामी और शराब विनिष्टीकरण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।

उन्होंने वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी और मद्यनिषेध विभाग के अधिकारियों को बेहतर समन्वय के साथ सघन छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया। मंत्री ने पेट्रोल पंप, ढाबा और होटलों में औचक छापेमारी करने तथा जिला सीमा पर 24 घंटे वाहन जांच सुनिश्चित करने को कहा।

मंत्री ने कहा कि शराब के क्रय-विक्रय या सेवन के मामलों में जेल जा चुके लोगों की जमानत के बाद सख्त निगरानी की जाए। साथ ही सीमावर्ती इलाकों और बड़े वाहनों की विशेष जांच पर भी बल दिया गया।

बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी कौशल कुमार ने मंत्री को आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा। बैठक में उप आयुक्त मद्यनिषेध दीनबंधु, उपनिदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद, डीपीएम जीविका रिचा गार्गी सहित कई विभागीय अधिकारी और पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article