NEWS PR डेस्क: दरभंगा के जमालपुर थाना क्षेत्र के किरतपुर चौक के पास सोमवार को अर्धवार्षिक परीक्षा देने जा रही 10वीं कक्षा की नाबालिग छात्रा के साथ जबरन ले जाने की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोप है कि बाइक सवार दो युवकों ने छात्रा को बाइक पर बैठाने का प्रयास किया और उसका दुपट्टा खींचकर उसे जबरन ले जाने की कोशिश की। छात्रा के विरोध और शोर मचाने पर उसके साथ मारपीट की गई। मदद के लिए पहुंचे दुकानदारों और स्थानीय लोगों के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है। घटना की सूचना पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची।
नानी के घर रहकर पढ़ाई करती है छात्रा, नाव से पार करती है कोसी
बताया गया कि छात्रा का घर दरभंगा जिले में ही है, लेकिन वह अपनी नानी के घर रहकर पढ़ाई करती है। नानी का घर किरतपुर हाई स्कूल से करीब चार किलोमीटर दूर कोसी नदी के दूसरी ओर है। छात्रा रोज नाव के सहारे कोसी नदी पार करने के बाद कुछ दूरी पैदल तय कर स्कूल पहुंचती है।
उसके पिता गांव में मजदूरी करते हैं, जबकि मां किरतपुर चौक स्थित एक निजी नर्सिंग होम में साफ-सफाई का काम करती हैं। छात्रा के मामा मोहम्मद चांद अली के अनुसार, सोमवार को वह अर्धवार्षिक परीक्षा देने स्कूल जा रही थी। आरोप है कि दोनों युवक करीब दो किलोमीटर दूर से उसका पीछा कर रहे थे।
दुकानदार और ग्रामीण पहुंचे तो आरोपियों ने की मारपीट
किरतपुर बाजार के पास पहुंचने पर दोनों युवकों ने छात्रा का दुपट्टा खींचकर उसे अपने साथ ले जाने का प्रयास किया। छात्रा ने विरोध करते हुए पास के दुकानदार से मदद मांगी। दुकानदार और स्थानीय लोग उसे बचाने के लिए आगे आए तो आरोपियों पर उनके साथ भी मारपीट करने का आरोप है।
बचाने वाले दुकानदार बबलू कुमार यादव और ग्रामीणों ने हस्तक्षेप कर छात्रा को सुरक्षित कराया। किरतपुर पंचायत के मुखिया कैलु दास के अनुसार, वह ब्लॉक मुख्यालय जा रहे थे, तभी सड़क पर हंगामा देखा।
उन्होंने बताया कि ग्रामीणों ने करीब आधे घंटे तक मौके पर रहकर छात्रा की मदद की। उनके अनुसार, पुलिस के पहुंचने के बाद दोनों युवक मौके से भाग गए।
कोसी बांध के पास से दोनों आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से भागे दोनों आरोपियों को करीब 10 किलोमीटर दूर कोसी बांध के पास से पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में किरतपुर गांव निवासी 19 वर्षीय राजू कुमार सदा और एक विधि-विरुद्ध बालक शामिल है।
छात्रा की मां के आवेदन पर जमालपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, राजू कुमार सदा के खिलाफ न्यायिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जा रही है, जबकि नाबालिग आरोपी के मामले में किशोर न्याय प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बाइक भी बरामद की है और मामले की आगे जांच जारी है।
दरभंगा से रिपोर्टर: रवि झा