मिथिला के विकास को नई रफ्तार देने की पहल: सांसद गोपाल जी ठाकुर ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को सौंपा मांगपत्र

Shreya Raj
वित्त मंत्री से मिले सांसद गोपाल जी ठाकुर।

नई दिल्ली: दरभंगा से भाजपा सांसद एवं लोकसभा में पार्टी के सचेतक डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने केंद्रीय वित्त एवं कॉर्पोरेट मामलों की मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात कर मिथिला और उत्तर बिहार के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत ज्ञापन सौंपा। उन्होंने वित्त मंत्री से आगामी केंद्रीय बजट में क्षेत्र के विकास के लिए विशेष प्रावधान करने का आग्रह किया। सांसद ने कहा कि यदि इन मांगों को स्वीकृति मिलती है तो मिथिला के आर्थिक, औद्योगिक और पर्यटन विकास को नई गति मिलेगी।

दरभंगा एम्स के लिए विशेष बजटीय प्रावधान की मांग

ज्ञापन में सांसद ने दरभंगा एम्स के निर्माण कार्य को तेजी से पूरा करने के लिए पर्याप्त बजटीय आवंटन की मांग की। उनका कहना था कि एम्स के निर्माण से मिथिला ही नहीं, बल्कि उत्तर बिहार और पड़ोसी नेपाल के लाखों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। उन्होंने इसे क्षेत्र की सबसे बड़ी स्वास्थ्य परियोजनाओं में से एक बताया।

मखाना, उद्योग और रोजगार पर जोर

डॉ. ठाकुर ने वित्त मंत्री से मखाना उद्योग को और अधिक प्रोत्साहन देने, खाद्य प्रसंस्करण एवं कृषि आधारित उद्योगों के विस्तार तथा युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने हेतु विशेष वित्तीय सहायता की मांग की। उन्होंने कहा कि मिथिला में उद्योगों की स्थापना से स्थानीय युवाओं का पलायन कम होगा और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।

बुनियादी ढांचे और पर्यटन विकास पर भी रखा प्रस्ताव

सांसद ने सड़क, रेल और अन्य आधारभूत संरचना परियोजनाओं के लिए अतिरिक्त धनराशि उपलब्ध कराने का आग्रह किया साथ ही धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मिथिला क्षेत्र की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और विकास के लिए भी विशेष बजट का अनुरोध किया। उनका कहना था कि इससे स्थानीय व्यापार, पर्यटन और रोजगार को व्यापक बढ़ावा मिलेगा।

वित्त मंत्री से सकारात्मक पहल की उम्मीद

डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री ने उनकी बातों को गंभीरता से सुना और ज्ञापन पर सकारात्मक विचार का भरोसा दिया। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी केंद्रीय बजट में मिथिला और उत्तर बिहार के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को स्थान मिल सकता है। सांसद ने कहा कि केंद्र सरकार का उद्देश्य संतुलित क्षेत्रीय विकास है और इसी दिशा में उन्होंने यह मांगपत्र सौंपा है।

Share This Article