आरा में बाइक सवार युवक को मारी गोली: पुराने विवाद में हथियारबंद बदमाशों ने किया हमला, बांह में लगी गोली !

Muskan Gupta

आरा जिले के चरपोखरी थाना क्षेत्र में पुराने विवाद को लेकर हथियारबंद बदमाशों ने बाइक सवार एक युवक को गोली मार दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार, घटना चरपोखरी थाना क्षेत्र के गरहनी ब्लॉक मोड़ के समीप की है। बताया जा रहा है कि पूर्व में हुए झगड़े को लेकर विवाद चल रहा था। इसी दौरान हथियारबंद बदमाशों ने बाइक सवार युवक को निशाना बनाते हुए गोली चला दी। गोली युवक के बाएं हाथ की बांह में लगी।

गोली लगते ही युवक खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों और परिजनों की मदद से घायल युवक को इलाज के लिए पहले गड़हनी पीएचसी ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए आरा शहर के बाबू बाजार स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

घायल युवक की पहचान चरपोखरी थाना क्षेत्र के ध्यानी टोला गांव निवासी जवाहर सिंह के 29 वर्षीय पुत्र सोनू कुमार के रूप में हुई है।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर गोली चलाने वाले बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।

फिलहाल, घटना के पीछे पुराने विवाद को मुख्य वजह बताया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद से गरहनी ब्लॉक मोड़ और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है।

बिहार के आरा से आकाश कुमार की रिपोर्ट ;—

Share This Article