मोतिहारी में नदी में डूबने से 6 बच्चों की मौत, तीन सगी बहनें भी शामिल

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: मोतिहारी। बिहार के मोतिहारी जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां नदी में नहाने गए छह बच्चों की डूबने से मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांव में मातम छा गया है। होली के त्योहार की तैयारियों के बीच हुई इस घटना ने राघवा पंचायत के लोगों को गहरे सदमे में डाल दिया है।

घटना केसरिया प्रखंड के राघवा पंचायत की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, गांव के कुछ बच्चे पास बहने वाली राघवा नदी में नहाने के लिए गए थे। नहाने के दौरान अचानक छह बच्चे गहरे पानी में चले गए। तैरना नहीं आने के कारण वे पानी में डूबने लगे।

बच्चों को डूबता देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से बच्चों को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। सभी बच्चों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इस हादसे में धर्मेंद्र सहनी की तीन बेटियां12 वर्षीय दीक्षा कुमारी, 9 वर्षीय सोनाक्षी कुमारी और 6 वर्षीय प्रिया कुमारी की मौत हो गई। इसके अलावा 12 वर्षीय सोनाली कुमारी, 11 वर्षीय प्रिंस कुमार और 8 वर्षीय छोटी कुमारी भी इस दुर्घटना का शिकार हो गए।

घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। जिन घरों में होली की खुशियां मनाने की तैयारी थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में हर तरफ चीख-पुकार सुनाई दे रही है।

घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंच गया और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। फिलहाल पूरे इलाके में गम का माहौल है और लोग इस हादसे से स्तब्ध हैं।

Share This Article