नीरज कुमार बनाम अनंत सिंह!,पटना स्नातक सीट पर JDU में सियासी तकरार

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क:बिहार विधान परिषद की पटना स्नातक निर्वाचन सीट को लेकर जनता दल यूनाइटेड (JDU) के भीतर मतभेद एक बार फिर सामने आते दिख रहे हैं। मोकामा विधायक अनंत सिंह ने JDU नेता नीरज कुमार पर निशाना साधते हुए कहा है कि स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव पार्टी के सिंबल पर नहीं लड़ा जाता। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह डॉ. अनुज कुमार के समर्थन में हैं।

अनंत सिंह ने शुक्रवार को कहा कि यह किसी पार्टी के सिंबल पर होने वाला सामान्य चुनाव नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब वह चुनाव लड़ते थे, उस दौरान नीरज कुमार ने कई मौकों पर उनका विरोध किया था। अनंत सिंह ने यह दावा भी किया कि नीरज कुमार ने मुंगेर सांसद ललन सिंह के चुनाव का विरोध किया था।
मोकामा विधायक के मुताबिक, पार्टी की एक बैठक में उन्होंने यह जानने की कोशिश की थी कि आखिर उनकी गलती क्या है, लेकिन उन्हें इसका कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिला। उन्होंने कहा कि विधानसभा या लोकसभा चुनाव में पार्टी के आधिकारिक उम्मीदवार और सिंबल की भूमिका अलग होती है, जबकि स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव अलग प्रक्रिया से होता है।
अनंत सिंह ने नीरज कुमार के पुराने बयान का हवाला देते हुए कहा कि उन्होंने कथित तौर पर कहा था कि यदि पार्टी किसी अपराधी को टिकट देती है तो वह उसके लिए वोट नहीं मांगेंगे। इसके साथ ही अनंत सिंह ने नीरज कुमार पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि उनके घर में ए-47 रखवाकर उन्हें जेल भिजवाया गया था।
पटना स्नातक सीट को लेकर जारी विवाद के बीच अनंत सिंह ने नीरज कुमार को खुली चुनौती देते हुए कहा कि अगर वह चुनाव जीतने का दावा कर रहे हैं तो अपनी पूरी ताकत लगा लें। उन्होंने कहा कि इसके बाद देखा जाएगा कि चुनाव कैसे जीता जाता है।

Share This Article