NEWS PR डेस्क: 2 अगस्त से शुरू होने जा रहे भोजपुरी रियलिटी शो ‘भोजपुरी बवाल’ को लेकर दर्शकों के बीच उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। शो के नए-नए प्रोमो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। हाल ही में जारी प्रोमो में भोजपुरी स्टार आम्रपाली दुबे और पवन सिंह के भावुक पल दर्शकों का ध्यान खींच रहे हैं।

आम्रपाली दुबे ने किया बड़े फैसले का संकेत
नए प्रोमो में आम्रपाली दुबे मंदिर में दर्शन करने के बाद अपने परिवार के सामने कहती नजर आती हैं कि वह अपनी जिंदगी का शायद सबसे बड़ा फैसला लेने जा रही हैं। मुझे नहीं पता कि इस फैसले का नतीजा क्या होगा, मेरे परिवार कैसे रिएक्ट करेगा, मेरे फैंस कैसे रिएक्ट करेंगे, लेकिन मुझे यह करना है। मैं मां बनना चाहती हूं।’
उनकी इस बात को सुनकर परिवार के सदस्य हैरान रह जाते हैं।
प्रोमो में उनके पिता आश्चर्य जताते हुए पूछते हैं कि आखिर वह क्या कह रही हैं, जबकि उनकी बहन उनसे दोबारा सोचने की बात करती हैं। इसके बावजूद आम्रपाली पूरे आत्मविश्वास के साथ कहती हैं कि वह अपने फैसले को लेकर पूरी तरह आश्वस्त हैं।
मां की बात सुनकर भावुक हुईं आम्रपाली
एक अन्य प्रोमो में अभिनेता दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ आम्रपाली की तारीफ करते हुए उनकी खूबसूरती की प्रशंसा करते हैं। इसी दौरान आम्रपाली की मां उनसे वजन पर थोड़ा ध्यान देने की सलाह देती हैं। यह बात सुनकर आम्रपाली भावुक हो जाती हैं और उनकी आंखों में आंसू आ जाते हैं।

पवन सिंह का भावुक वीडियो वायरल
शो के एक और प्रोमो में भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह अपनी मां के पैर दबाते हुए नजर आते हैं। बातचीत के दौरान वह मां की तबीयत के बारे में पूछते हैं। उनकी मां बीमारी की वजह से पैरों में सूजन होने की बात बताती हैं।
इस दौरान पवन सिंह भावुक होकर कहते हैं, “मेरे पास कोई संपत्ति नहीं है, मेरी सबसे बड़ी संपत्ति सिर्फ मेरी मां हैं।” जब उनकी मां उनसे अपनी जिंदगी के बारे में सोचने की बात कहती हैं, तो पवन सिंह जवाब देते हैं, “जिस दिन मां नहीं रहेंगी, उस दिन पवन सिंह भी खत्म हो जाएगा।”
पवन सिंह का यह भावुक बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और प्रशंसक उनकी मां के प्रति प्रेम और सम्मान की जमकर सराहना कर रहे हैं।
