NEWS PR डेस्क: जमुई, 19 मई। जिले के नवनियुक्त प्रभारी मंत्री एवं बिहार सरकार के लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED) के मंत्री माननीय संजय सिंह के पहली बार जमुई आगमन पर भव्य स्वागत किया गया। जिले की सीमा में प्रवेश करते ही पार्टी कार्यकर्ताओं, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और आम लोगों ने गाजे-बाजे, फूल-मालाओं और नारों के साथ उनका जोरदार अभिनंदन किया।

जमुई स्थित स्थानीय परिसदन (सर्किट हाउस) पहुंचने पर बिहार पुलिस के जवानों द्वारा मंत्री को पारंपरिक ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान जमुई के जिलाधिकारी (DM) और पुलिस अधीक्षक (SP) ने बुके भेंट कर उनका स्वागत किया तथा जिले की प्रशासनिक और विकासात्मक गतिविधियों की जानकारी दी।

मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं और मीडिया प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री संजय सिंह ने कहा कि जमुई से उनका विशेष लगाव रहा है और दोबारा इस जिले की जिम्मेदारी मिलना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने इसके लिए बिहार सरकार और शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता जिले के हर गांव और हर घर तक लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग की योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। विशेष रूप से ‘हर घर नल का जल’ योजना को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने की दिशा में तेजी से काम किया जाएगा। मंत्री ने यह भी कहा कि जिले के समग्र विकास, जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर तेज गति से कार्य किया जाएगा।

प्रभारी मंत्री के स्वागत को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। पूरे कार्यक्रम के दौरान समर्थकों की भारी भीड़ मौजूद रही और जमुई में राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई।