NH-139 पर गड्ढे में गिरकर टूटा बाइक सवार का हाथ, NHAI के खिलाफ शिकायत लेकर पहुंचा थाने तो नहीं हुई सुनवाई; सड़क पर लेटकर किया जाम

Shreya Raj
NH-139 पर घायल युवक ने सड़क पर लेटकर किया जाम, पुलिस ने हिरासत में लिया.

नौबतपुर: NH-139 पर सड़क निर्माण के दौरान बने गड्ढे के कारण बाइक दुर्घटनाग्रस्त होने और हाथ टूटने से नाराज एक घायल युवक ने सड़क पर बैठकर हंगामा कर दिया। युवक का आरोप है कि हादसे के बाद वह NHAI के खिलाफ शिकायत लेकर नौबतपुर थाना पहुंचा, लेकिन पुलिस ने उसका आवेदन लेने से इनकार कर दिया और उसे थाने से लौटा दिया। इससे नाराज युवक ने रविवार शाम NH-139 को जाम कर दिया। वह सड़क पर बैठने के बाद वहीं लेट गया, जिसके चलते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

थाने से महज 100 मीटर दूर सड़क पर लेटकर किया जाम

घटना नौबतपुर थाना से महज 100 मीटर और फुलवारीशरीफ SDPO-2 कार्यालय से करीब 50 मीटर की दूरी पर हुई। अचानक युवक के बीच सड़क पर बैठने और बाद में लेट जाने से NH-139 पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और मौके पर कुछ देर तक अफरातफरी की स्थिति बनी रही। सूचना मिलने के बाद नौबतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को सड़क से हटने के लिए काफी देर तक समझाने का प्रयास किया, हालांकि युवक अपनी मांग पर अड़ा रहा और सड़क से हटने को तैयार नहीं हुआ। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर नौबतपुर थाना पहुंचाया। इसके बाद सड़क पर यातायात व्यवस्था सामान्य कर दी गई।

तीन दिन पहले निर्माणाधीन सड़क पर हुआ था हादसा

घायल युवक की पहचान जानीपुर थाना क्षेत्र के नहरपुरा निवासी नीरज कुमार के रूप में हुई है। बताया गया है कि नीरज फिलहाल नौबतपुर में ही रहता है। नीरज के मुताबिक, करीब तीन दिन पहले वह रात के समय नहरपुरा से नौबतपुर आ रहा था। इसी दौरान नौबतपुर थाना के पास NH-139 पर सड़क की मरम्मत और ढलाई का काम चल रहा था। अंधेरा होने के कारण उसे निर्माणाधीन सड़क और वहां बने गड्ढे का पता नहीं चला।

इसी दौरान उसकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई और वह सड़क पर गिरकर घायल हो गया। हादसे में उसके हाथ में गंभीर चोट आई और उसका हाथ टूट गया। अगले दिन इलाज कराने के बाद नीरज इस मामले की शिकायत लेकर नौबतपुर थाना पहुंचा।

NHAI के खिलाफ आवेदन देने पहुंचा था युवक

नीरज का आरोप है कि उसने सड़क निर्माण के दौरान हुई दुर्घटना को लेकर NHAI के खिलाफ आवेदन देने की कोशिश की, लेकिन थाना पुलिस ने उसका आवेदन लेने से इनकार कर दिया। पुलिस की ओर से उसे कथित तौर पर यह कहते हुए वापस कर दिया गया कि सड़क निर्माण के दौरान हुई दुर्घटना को लेकर प्राथमिकी दर्ज नहीं की जा सकती। थाने से शिकायत दर्ज नहीं होने के बाद नीरज नाराज हो गया। इसी नाराजगी में रविवार शाम उसने NH-139 के बीच सड़क पर बैठकर रास्ता जाम कर दिया। कुछ देर बाद वह सड़क पर लेट गया, जिससे दोनों तरफ वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रुक गई।

पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद युवक को हटाया

सड़क जाम की सूचना मिलते ही नौबतपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने नीरज को समझाकर सड़क से हटने के लिए कहा, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ा रहा। काफी देर तक समझाने के बाद भी जब वह नहीं माना तो पुलिस ने उसे डिटेन कर लिया और नौबतपुर थाना ले गई। युवक को थाने ले जाने के बाद NH-139 पर यातायात बहाल कराया गया और वाहनों की आवाजाही सामान्य हुई।

स्थानीय लोगों ने उठाए सुरक्षा इंतजाम पर सवाल

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए। लोगों का कहना है कि रात के समय निर्माणाधीन सड़क और गड्ढों की जानकारी वाहन चालकों को आसानी से नहीं मिल पाती। ऐसे में दुर्घटनाओं को रोकने के लिए निर्माण स्थल पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, लाइटिंग और स्पष्ट संकेतक लगाए जाने चाहिए। स्थानीय लोगों ने मांग की कि सड़क निर्माण के दौरान रात में पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए जाएं, ताकि वाहन चालकों को निर्माणाधीन हिस्से की जानकारी पहले से मिल सके और इस तरह के हादसों को रोका जा सके।

नौबतपुर से रिपोर्टर : पशुपतिनाथ शर्मा

Share This Article