NEWS PR डेस्क: बिहार की सियासत में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के दौरे का एक वीडियो चर्चा का विषय बन गया है। वैशाली में नीतीश सेतु के निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को मुख्यमंत्री के सुरक्षा घेरे से बाहर रोके जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना पर जेडीयू ने नाराजगी जताते हुए पुलिस मुख्यालय से जांच की मांग की है।
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित बिहार दौरे और नीतीश सेतु के उद्घाटन की तैयारियों का जायजा लेने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी वैशाली पहुंचे थे। उनके साथ डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी और स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार भी मौजूद थे। इसी दौरान सामने आए वीडियो में मुख्यमंत्री अपने सुरक्षा दस्ते के साथ आगे बढ़ते दिखाई दे रहे हैं। पीछे चल रहे निशांत कुमार उनके करीब पहुंचने की कोशिश करते हैं, लेकिन सुरक्षा में तैनात गार्ड उन्हें रोक देते हैं। इसके बाद निशांत कुमार पीछे हट जाते हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने इस घटना को दुखद और पीड़ाजनक बताया। उन्होंने कहा कि निशांत कुमार वैशाली जिले के प्रभारी मंत्री हैं और प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा के लिए मुख्यमंत्री के साथ गए थे।
नीरज कुमार ने सवाल उठाया कि जब निशांत कुमार की श्रेणी के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था निर्धारित है, तो उनके साथ ऐसा व्यवहार क्यों हुआ? उन्होंने पुलिस मुख्यालय से जांच कर यह पता लगाने की मांग की कि गार्ड ने जानबूझकर ऐसा किया या इसके पीछे कोई दूसरा कारण था।
हालांकि, उन्होंने कहा कि निशांत कुमार का व्यक्तित्व इतना बड़ा है कि कोई उन्हें अपमानित नहीं कर सकता। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री की जोड़ी को मजबूत बताते हुए सभी के प्रोटोकॉल का पालन करने की बात कही।
