NEWS PR डेस्क पटना, 30 मार्च। बिहार की राजनीति में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम के तहत बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने इस फैसले की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर दी, जहां उन्होंने एक भावुक पोस्ट लिखकर अपने 20 वर्षों के राजनीतिक सफर को याद किया।
अपने पोस्ट में नितिन नवीन ने बताया कि वर्ष 2006 में पिता स्वर्गीय नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा के आकस्मिक निधन के बाद उन्हें पटना पश्चिम से उपचुनाव लड़ने का अवसर मिला और वहीं से उनके राजनीतिक जीवन की शुरुआत हुई। उन्होंने कहा कि पिछले दो दशकों में उन्होंने क्षेत्र को परिवार की तरह संभालने और विकास की दिशा में आगे बढ़ाने का लगातार प्रयास किया।
उन्होंने बांकीपुर की जनता के प्रति आभार जताते हुए लिखा कि क्षेत्र की “देवतुल्य जनता” ने उन्हें लगातार पांच बार अपना प्रतिनिधि चुनकर सेवा का अवसर दिया। उन्होंने यह भी कहा कि सदन के भीतर और बाहर दोनों जगह उन्होंने जनता की आवाज उठाने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए काम किया।
नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में मंत्री के रूप में काम करने के अवसर को भी अपने लिए महत्वपूर्ण अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि इस दौरान उन्हें कई नीतियों और योजनाओं को लागू करने का मौका मिला, जिसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री का विशेष धन्यवाद किया।
इस्तीफे के पीछे के कारणों का संकेत देते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें नई जिम्मेदारी सौंपी है और वे उस भूमिका में भी बिहार और अपने क्षेत्र के विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम करते रहेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि बांकीपुर की जनता और कार्यकर्ताओं के साथ उनका रिश्ता हमेशा अटूट रहेगा।
अंत में नितिन नवीन ने ‘विकसित भारत’ और ‘विकसित बिहार’ के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में काम जारी रखने का संकल्प दोहराया और “नमन बांकीपुर, जय बिहार” के साथ अपने संदेश का समापन किया।