NEWS PR डेस्क: पटना: बिहार के मुख्यमंत्री Nitish Kumar ने एक महत्वपूर्ण संदेश जारी करते हुए राज्यसभा चुनाव लड़ने की इच्छा व्यक्त की है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर साझा किए गए अपने संदेश में उन्होंने पिछले दो दशकों से अधिक समय से बिहार की जनता द्वारा दिए गए विश्वास और समर्थन के लिए आभार जताया।
नितीश कुमार ने कहा कि पिछले दो दशकों से बिहार की जनता ने उन पर भरोसा बनाए रखा है और इसी विश्वास के बल पर उन्होंने पूरी निष्ठा के साथ बिहार की सेवा की है। उन्होंने लिखा कि जनता के सहयोग और समर्थन की ताकत से ही बिहार आज विकास और सम्मान का नया आयाम प्रस्तुत कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने अपने संसदीय जीवन की शुरुआत को याद करते हुए कहा कि शुरुआत से ही उनके मन में यह इच्छा थी कि वे बिहार विधान मंडल के दोनों सदनों के साथ-साथ संसद के दोनों सदनों के भी सदस्य बनें। इसी क्रम में उन्होंने इस बार होने वाले राज्यसभा चुनाव में उम्मीदवार बनने की इच्छा जताई है।
अपने संदेश में नितीश कुमार ने यह भी भरोसा दिलाया कि बिहार की जनता के साथ उनका संबंध भविष्य में भी मजबूत बना रहेगा और एक विकसित बिहार बनाने का संकल्प पहले की तरह जारी रहेगा।
इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य में जो भी नई सरकार बनेगी, उसे उनका पूरा सहयोग और मार्गदर्शन मिलेगा। उन्होंने कहा कि बिहार के विकास और जनता के हित के लिए वे आगे भी सक्रिय भूमिका निभाते रहेंगे।