नीतीश कुमार के बेटे निशांत की संजय झा से मुलाकात, बिहार की राजनीति में बढ़ी हलचल

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क :बिहार की राजनीति में एक बार फिर निशांत कुमार की संभावित राजनीतिक भूमिका को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे और बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा से उनके पटना स्थित आवास पर मुलाकात की। इस मुलाकात की तस्वीर निशांत कुमार ने सोशल मीडिया पर साझा की और संजय झा के प्रति आभार जताया।

निशांत कुमार ने पोस्ट में लिखा कि उन्होंने संजय झा से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान मिले स्नेह और आत्मीय आतिथ्य के लिए उन्होंने उनका आभार व्यक्त किया। वहीं, संजय झा ने मुलाकात को लेकर बताया कि निशांत कुमार के साथ स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार, बेहतर चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार और आम लोगों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने को लेकर चर्चा हुई। इसके अलावा संगठन से जुड़े मुद्दों पर भी बातचीत हुई।


हालांकि, इस मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बताया गया है, लेकिन बिहार के मौजूदा राजनीतिक माहौल में इसके कई मायने निकाले जा रहे हैं। राजनीतिक गलियारों में लंबे समय से निशांत कुमार को जदयू में बड़ी जिम्मेदारी दिए जाने और उन्हें उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि, इस संबंध में पार्टी या एनडीए की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

गौरतलब है कि हालिया विधान परिषद चुनाव परिणामों के बाद जदयू के भीतर और एनडीए के घटक दलों के बीच बयानबाजी भी चर्चा में रही है। ऐसे समय में निशांत और संजय झा की मुलाकात ने राजनीतिक चर्चाओं को और हवा दे दी है।फिलहाल इस मुलाकात को लेकर किसी नई राजनीतिक जिम्मेदारी या नेतृत्व परिवर्तन का आधिकारिक संकेत सामने नहीं आया है। लेकिन निशांत कुमार की बढ़ती राजनीतिक सक्रियता ने बिहार की सियासत में नई चर्चाओं को जरूर जन्म दे दिया है।

Share This Article