भागलपुर में काली पूजा को लेकर पुलिस का शक्ति प्रदर्शन दंगा नियंत्रण बल के साथ फ्लैग मार्च, उपद्रवियों को सख्त चेतावनी

Muskan Gupta


NEWS PR डेस्क : काली पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए भागलपुर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। मंगलवार को जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से शहर में भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान दंगा नियंत्रण बल, अग्निशमन विभाग की टीम और विभिन्न थानों के पुलिसकर्मी सड़कों पर उतरे। फ्लैग मार्च के जरिए प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि त्योहार के दौरान शांति भंग करने और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

काली पूजा के दौरान भागलपुर शहर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। पूजा पंडालों और मंदिरों में दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और विधि-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता है।

इसी को लेकर मंगलवार को भागलपुर पुलिस लाइन से फ्लैग मार्च की शुरुआत हुई। पुलिस का काफिला शहर के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील इलाकों से होकर गुजरा। जवानों ने बूढ़ानाथ चौक, सराय चौक, साहिबगंज चौक और नरगा चौक सहित कई इलाकों में भ्रमण किया।

इसके बाद फ्लैग मार्च नाथनगर थाना चौक पहुंचा। यहां से ललमटिया चौक, परबत्ती चौक और तातारपुर चौक होते हुए स्टेशन की ओर रवाना हुआ। स्टेशन से लोहिया पुल और हुसैनाबाद होते हुए पुलिस का काफिला वापस पुलिस लाइन पहुंचा, जहां फ्लैग मार्च का समापन हुआ।

सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम:

इस फ्लैग मार्च में बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल हुए। खास बात यह रही कि दंगा नियंत्रण बल और अग्निशमन विभाग की टीम को भी सुरक्षा व्यवस्था में शामिल किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा का भरोसा कायम करना और असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश देना है।

प्रशासन का सख्त संदेश:

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि काली पूजा का त्योहार आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ संपन्न कराया जाएगा। शांति व्यवस्था बिगाड़ने, अफवाह फैलाने या कानून हाथ में लेने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। किसी भी तरह की गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

भागलपूर से शयामानंद सिंह की रिपोर्ट ;-

Share This Article