NEWS PR डेस्क : केंद्रीय मंत्री एवं लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने अपने जन्मदिन की शुरुआत भगवान भोलेनाथ के दर्शन और पूजा-अर्चना के साथ की। आज जन्मदिन के अवसर पर चिराग पासवान पटना के खगौल स्थित सिद्धेश्वर नाथ महादेव मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने विधि-विधान से भगवान शिव की पूजा की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस दौरान मंदिर परिसर में समर्थकों की भीड़ जुटी रही। समर्थकों ने चिराग पासवान को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके स्वस्थ और सफल जीवन की कामना की।
महादेव ने हर मुश्किल परिस्थिति में संभाला : चिराग पासवान
भगवान शिव के दर्शन के बाद चिराग पासवान ने कहा कि जन्मदिन के विशेष अवसर पर वह महादेव के दरबार में आशीर्वाद लेने पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि भगवान शिव ने उन्हें और उनके परिवार को हर विषम परिस्थिति में संभाला है। वह पूरी श्रद्धा और विश्वास के साथ हमेशा महादेव के दरबार में आते हैं। उन्होंने भगवान भोलेनाथ से प्रार्थना की कि उनकी मनोकामनाएं पूर्ण हों और उन्हें जनसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने की शक्ति मिलती रहे।
बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट’ के संकल्प को दोहराया
इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने बिहार के विकास को लेकर अपने विजन को भी साझा किया। उन्होंने कहा कि बिहार के लिए उनकी सोच ‘बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट’ है। इसी संकल्प के साथ वह आगे बढ़ रहे हैं, ताकि बिहार को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सके।
चिराग पासवान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने की दिशा में भी वह निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने महादेव से प्रार्थना की कि उन्हें इतनी शक्ति और सामर्थ्य मिले कि वह बिहार और देश के विकास के लिए अपने संकल्पों को पूरा कर सकें।
जन्मदिन के मौके पर महादेव की पूजा-अर्चना के साथ चिराग पासवान ने एक बार फिर बिहार के विकास और जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।पटना से पशुपतिनाथ शर्मा की रिपोर्ट।