खाद कालाबाजारी की खबर चलाने पर पत्रकार का अपहरण, 10 लाख की फिरौती मांगी; 6 घंटे में पुलिस ने कराया मुक्त !

Muskan Gupta


NEWS PR डेस्क : कटिहार में खाद की कालाबाजारी के खिलाफ खबर चलाना एक पत्रकार को भारी पड़ गया। आरोप है कि खबर से नाराज लोगों ने पत्रकार गुलाम मुर्तजा का अपहरण कर लिया और उनकी रिहाई के बदले 10 लाख रुपये की फिरौती मांगने लगे। इतना ही नहीं फिरौती नहीं देने पर हत्या करने की धमकी भी दी गई।

कटिहार पुलिस ने महज छह घंटे के भीतर अपहरण कांड का खुलासा करते हुए पत्रकार को सकुशल बरामद कर लिया। मामला 29 अक्टूबर का है। पत्रकार गुलाम मुर्तजा अपने साथी मो. कलीम के साथ प्राणपुर जा रहे थे। इसी दौरान मो. आशिक ने खाद की कालाबाजारी से जुड़ी खबर प्रकाशित करने को लेकर उन्हें फोन पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपियों ने काले रंग की किया कार से पीछा करते हुए लाभा जीरो माइल के आगे हथियार का भय दिखाकर उन्हें जबरन गाड़ी में बैठा लिया।

मारपीट करते हुए मनिहारी के रास्ते अमदाबाद ले गए

वहां रिहाई के बदले 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी परिचय कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ विशाल आनंद के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर महज छह घंटे में पत्रकार को सकुशल बरामद कर लिया। इस मामले में पुलिस ने मो. आशिक, मो. साविर आलम और मनीष कुमार गोस्वामी को गिरफ्तार किया है।

अपहरण में इस्तेमाल की गई काले रंग की किया कार और एक मोबाइल भी बरामद किया गया है। एसडीपीओ विशाल आनंद ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृत पत्रकार को सकुशल बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

कटिहार से रतन कुमार की रिपोर्ट ;-


Share This Article