NEWS PR डेस्क : वजीरगंज, एक संवाददाता। कारीसोवा गांव निवासी 24 वर्षीय प्रशिक्षु सिपाही रजनीश कुमार का शव सोमवार को गांव पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। मां, भाई-बहन समेत अन्य परिजनों के विलाप से पूरा गांव गमगीन हो गया। मुंबई में मजदूरी करने वाले बड़े भाई गोल्डन कुमार के पहुंचने के बाद अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की गई।
परिजनों ने रजनीश की मौत को संदिग्ध बताते हुए पुलिस विभाग से गहन जांच की मांग की है। मां, भाई गोल्डन कुमार और बहन कल्याणी कुमारी का कहना है कि ऊंची रेलिंग से गिरने की घटना कई सवाल खड़े करती है।
बताया गया कि रविवार को डुमरांव स्थित बीएसपी की तीन मंजिला इमारत से गिरने से रजनीश की मौत हुई थी। करीब दो माह पूर्व ही उसकी सिपाही के पद पर नौकरी लगी थी।

अंतिम यात्रा में सैकड़ों ग्रामीण शामिल हुए।
इस दौरान ‘रजनीश कुमार अमर रहे’ के नारे लगे। पुलिस बल ने सलामी दी और तिरंगा बड़े भाई को सौंपा। इसके बाद गोल्डन कुमार ने मुखाग्नि दी। रजनीश की मौत से परिवार के साथ पूरे गांव में शोक की लहर है।
गया से आशीश कुमार की रिपोर्ट;—-