उधारी के तीन लाख रुपये बने गोलीकांड की वजह, बहेड़ी पुलिस ने चार आरोपियों को किया गिरफ्तार

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: दरभंगा के बहेड़ी थाना क्षेत्र में 9 जुलाई की रात हुई गोलीबारी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। ददरवाड़ा और निमौठी चौक के बीच चौधरी मोटर्स के पास संजीव सिंह को गोली मारकर घायल करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात के पीछे तीन लाख रुपये की उधारी और बढ़ते ब्याज को लेकर चल रहा विवाद मुख्य वजह थी। बताया जा रहा है कि संजीव सिंह ने मोहम्मद आसिफ को तीन लाख रुपये उधार दिए थे। समय बीतने के साथ ब्याज की रकम बढ़ती जा रही थी, जिसे लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था।
इसी विवाद के बाद अनार गांव में छह अपराधियों ने बैठकर संजीव सिंह पर हमला करने की योजना बनाई थी। पुलिस के अनुसार, इस साजिश में दिल्ली का रहने वाला अपराधी निखिल कुमार भी शामिल था। एसएसपी के निर्देश पर गठित विशेष जांच टीम ने कार्रवाई करते हुए मामले में नामजद छह आरोपियों में से चार को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद आसिफ, अनमोल कुमार, सोलित मंडल और मानस कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिल और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। वहीं, फरार चल रहे दो अन्य नामजद आरोपियों समेत वारदात में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।दरभंगा से रवि झा की रिपोर्ट

Share This Article