NEWS PR डेस्क : बिहार के बेगूसराय जिले में गंगा नदी में नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया। बछवाड़ा थाना क्षेत्र के चमथा रजौली गांव के पास बुधवार शाम हुए इस हादसे में दो लोगों के लापता होने की सूचना है, जबकि चार लोग घायल हो गए। नाव पर करीब 30 से 35 लोग सवार थे। घटना के बाद प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर लापता लोगों की तलाश शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, चमथा-1 पंचायत के करीब 30 से 35 ग्रामीण गंगा नदी के दूसरी ओर स्थित ढाव में परवल की रोपनी करने गए थे। यह जगह गांव से करीब तीन किलोमीटर दूर है। काम खत्म होने के बाद सभी नाव से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान नाव पर अधिक लोगों के सवार होने के कारण वह अचानक नदी में पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
तैरकर बाहर निकले कई लोग, चार घायल
नाव पलटने के बाद कई लोग किसी तरह तैरकर नदी से बाहर निकलने में सफल रहे। हालांकि, दो लोगों का अब तक पता नहीं चल पाया है। हादसे में घायल चार लोगों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें दो को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछवाड़ा में भर्ती कराया गया, जबकि दो अन्य का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है।
घायलों में चमथा रजौली निवासी उदगार महतो की 15 वर्षीय बेटी पूनम कुमारी और विशो महतो के 16 वर्षीय बेटे चंदन कुमार शामिल हैं। चंदन कुमार और उनके दादा भोला महतो के मुताबिक, नाव पर भीड़ अधिक होने के कारण यह हादसा हुआ।
प्रशासन ने शुरू कराया रेस्क्यू अभियान
घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कृष्ण कुमार, अंचलाधिकारी प्रीतम गौतम और बछवाड़ा थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लेते हुए लापता लोगों की तलाश के लिए अभियान शुरू कराया।
एसडीपीओ कृष्ण कुमार ने बताया कि नाव पलटने से दो लोगों के लापता होने की सूचना मिली है। उनकी खोजबीन जारी है। फिलहाल सभी की नजर रेस्क्यू अभियान पर टिकी है।
बेगूसराय में नाव पर ज्यादा सवारी बनी हादसे की वजह, दो लोग अब भी लापता