NEWS PR डेस्क: पटना: पटना के चर्चित दुलारचंद यादव हत्या मामले में मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह को पटना हाईकोर्ट से जमानत मिल गई है। वे फिलहाल बेऊर जेल में बंद हैं और कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शुक्रवार या शनिवार तक रिहा हो सकते हैं।
जमानत मिलने के बाद अनंत सिंह के समर्थकों में उत्साह का माहौल है। माना जा रहा है कि जेल से बाहर आते ही वे अपने क्षेत्र और समर्थकों के बीच सक्रिय हो जाएंगे।
यह मामला 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान हुई दुलारचंद यादव की हत्या से जुड़ा है, जिसमें अनंत सिंह को आरोपी बनाया गया था। जेल में रहते हुए ही उन्होंने चुनाव लड़ा और जीत हासिल की, जिससे यह सीट एक बार फिर राजनीतिक चर्चा का केंद्र बन गई।
हाल ही में राज्यसभा चुनाव के दौरान भी अनंत सिंह विशेष अनुमति लेकर जेल से बाहर आए थे और मतदान किया था। उस दौरान उन्होंने संकेत दिया था कि भविष्य में उनकी राजनीतिक विरासत अब परिवार आगे बढ़ाएगा।
गौरतलब है कि अनंत सिंह से पहले उनकी पत्नी नीलम देवी मोकामा से विधायक रह चुकी हैं। अब उनकी रिहाई के बाद क्षेत्र की राजनीति में नई हलचल तेज होने की संभावना है।