सम्राट चौधरी को पवन सिंह की बधाई, सोशल मीडिया पर छिड़ी सियासी बहस

Pawan Singh congratulates Samrat Chaudhary

Amit Singh

बिहार की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह के एक सोशल मीडिया पोस्ट ने सियासी गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है। सम्राट चौधरी को दी गई उनकी बधाई अब सिर्फ शुभकामना नहीं, बल्कि संभावित राजनीतिक संकेत के रूप में भी देखी जा रही है। पवन सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी। उन्होंने लिखा कि उनके नेतृत्व में बिहार नई ऊंचाइयों को छुएगा। साथ ही उन्होंने सम्राट के समर्पण और नेतृत्व क्षमता को प्रेरणादायक बताते हुए राज्य के उज्जवल भविष्य की कामना की है। वहीं इस पोस्ट के सामने आते ही सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। जहां एक ओर उनके प्रशंसक इसे नए मुख्यमंत्री के प्रति खुला समर्थन मान रहे हैं, वहीं कई लोग इसे उनके राजनीतिक रुख में बदलाव के संकेत के तौर पर देख रहे हैं।

जोड़ी मोदी और नीतीश जी के हिट होई
बता दें कि बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान पवन सिंह काफी सक्रिय नजर आए थे। उन्होंने एनडीए के समर्थन में करीब 40 से ज्यादा सीटों पर प्रचार किया। उनके प्रचार को कई जगहों पर माहौल बनाने में अहम माना गया। इसी दौरान उनका गाना ‘जोड़ी मोदी और नीतीश जी के हिट होई’ भी खूब वायरल हुआ, जिसने चुनावी माहौल को और गरमाया। हाल ही में राज्यसभा चुनाव के दौरान यह चर्चा जोर पकड़ रही थी कि भाजपा पवन सिंह को राज्यसभा भेज सकती है। कई सेलिब्रिटियों ने भी उनके समर्थन में आवाज उठाई, लेकिन अंतिम सूची में उनका नाम शामिल नहीं हुआ। अब उनके इस ताजा बयान के बाद एक बार फिर यह सवाल उठ रहा है कि क्या पवन सिंह जल्द ही सक्रिय राजनीति में कदम रखेंगे?

Share This Article