NEWS PR डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (21 नवंबर 2026) बिहार दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे वैशाली जिले में लगभग 34,470 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और राष्ट्र को समर्पण करेंगे। प्रधानमंत्री दोपहर करीब 1:15 बजे गंगा नदी पर बने नीतीश सेतु का दौरा करेंगे। इसके बाद दोपहर 2 बजे राजापाकर (जाफरपट्टी) में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे।
4,280 करोड़ की लागत से बना नीतीश सेतु होगा समर्पित
प्रधानमंत्री लगभग 4,280 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित छह लेन के नीतीश सेतु को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। 19.7 किलोमीटर लंबा यह पुल पटना के कच्ची दरगाह को वैशाली के बिदुपुर से जोड़ता है। इससे महात्मा गांधी सेतु और जेपी सेतु पर यातायात का दबाव कम होगा। साथ ही उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन आसान होगा।
सड़क, बिजली और जल संसाधन परियोजनाओं की सौगात
प्रधानमंत्री 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इनमें बक्सर थर्मल पावर परियोजना की 660 मेगावाट यूनिट-2, कई राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएं, बिजली वितरण एवं ट्रांसमिशन कार्य, जल संसाधन और शहरी आधारभूत संरचना से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं।वहीं, करीब 14,450 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा। इनमें साहेबगंज-अरेराज-बेतिया फोरलेन सड़क और पीरपैंती सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट से जुड़ी महत्वपूर्ण योजनाएं शामिल हैं।
100 ई-बसों को दिखाएंगे हरी झंडी
प्रधानमंत्री 100 पीएम-ईबसों को रवाना करेंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत 26,900 से अधिक लाभार्थियों का गृह प्रवेश भी कराया जाएगा। इन परियोजनाओं से बिहार में सड़क संपर्क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और शहरी सुविधाओं को नई गति मिलने की उम्मीद है।
