NEWS PR डेस्क : राजधानी पटना के प्रसिद्ध महावीर मंदिर में शुक्रवार, 20 नवंबर को देवोत्थान एकादशी का पावन पर्व पारंपरिक श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में भगवान विष्णु की विशेष वार्षिक पूजा-अर्चना की गई। मंदिर के पूर्व-दक्षिण कोण में स्थित भगवान विष्णु के विग्रह के समक्ष शाम 6 बजे विशेष धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुआ।
इस वार्षिक पूजा में मंदिर के पुरोहितों के साथ बड़ी संख्या में व्रतियों ने सहभागिता की। महावीर मंदिर के सचिव सायण कुणाल इस अनुष्ठान के यजमान बने। वैदिक विधि-विधान और धार्मिक परंपराओं के अनुसार भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना की गई।
विष्णु जागरण और चातुर्मास समापन का प्रतीक है देवोत्थान एकादशी
हिंदू धर्म में कार्तिक शुक्ल पक्ष की एकादशी को देवोत्थान एकादशी, हरिबोधिनी एकादशी और प्रबोधिनी एकादशी के नाम से जाना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, आषाढ़ शुक्ल एकादशी यानी हरिशयनी एकादशी के दिन भगवान विष्णु क्षीरसागर में योगनिद्रा में चले जाते हैं। इसके बाद भाद्रपद शुक्ल एकादशी को पार्श्व परिवर्तनी एकादशी मनाई जाती है।
भगवान विष्णु की योगनिद्रा की यह चार महीने की अवधि चातुर्मास कहलाती है। इस दौरान पारंपरिक रूप से विवाह सहित विभिन्न मांगलिक कार्यों और धार्मिक यात्राओं को स्थगित रखा जाता है।
तुलसी के समीप माता लक्ष्मी के साथ होती है भगवान विष्णु की पूजा
देवोत्थान एकादशी के दिन चातुर्मास का समापन होता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस दिन भगवान विष्णु योगनिद्रा से जागते हैं और पुनः सृष्टि के संचालन का कार्य संभालते हैं।
इस अवसर पर संध्याकाल में तुलसी के पौधे के समीप माता लक्ष्मी के साथ भगवान विष्णु की विधिवत पूजा-अर्चना की जाती है। मान्यता है कि देवोत्थान एकादशी के बाद से विवाह एवं अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत होती है। महावीर मंदिर में आयोजित वार्षिक पूजा भी इसी धार्मिक परंपरा और आस्था का प्रतीक रही।
