NEWS PR डेस्क: सुपौल। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को राघोपुर थाना क्षेत्र में पुलिस और प्रशासन ने संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़ा संदेश दिया गया।

फ्लैग मार्च में सुपौल जिलाधिकारी (डीएम) सावन कुमार, पुलिस अधीक्षक (एसपी) सरथ आर. एस, वीरपुर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) नीरज कुमार, वीरपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) सुरेंद्र कुमार सहित थानाध्यक्ष अमित कुमार राय और बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।
प्रशासनिक अधिकारियों ने राघोपुर थाना से फ्लैग मार्च की शुरुआत की, जो सिमराही बाजार के जेपी चौक, करजाइन रोड और अस्पताल रोड होते हुए एनएच-27 के रास्ते गोलबाजार हाट तक पहुंचा। इसके बाद यह मार्च सिमराही बाजार से होते हुए एनएच-106 के जरिए गणपतगंज, हुलास, चंपानगर और गद्दी सहित कई संवेदनशील क्षेत्रों से गुजरा। इस दौरान पुलिस बल ने क्षेत्र में गश्त कर शांति और सुरक्षा का संदेश दिया तथा असामाजिक तत्वों को सख्त चेतावनी दी।
डीएम सावन कुमार ने कहा कि मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की हुड़दंग या अशांति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। उन्होंने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मोहर्रम पर्व मनाएं और प्रशासन का सहयोग करें। सुपौल से अल्ताफ राजा की रिपोर्ट
