NEWS PR डेस्क :पश्चिम चंपारण के नरकटियागंज स्थित लोटस पब्लिक स्कूल में बिहार पुलिस की ‘पुलिस दीदी’ पहल के तहत छात्राओं को सुरक्षा, आत्मविश्वास और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ सामाजिक संदेश पर आधारित नाटक प्रस्तुत कर सभी का ध्यान आकर्षित किया।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने एक जागरूकता नाटक के माध्यम से झूठे प्रेम, फर्जी वादों और बहकावे में आने के दुष्परिणामों को प्रभावी ढंग से मंचित किया। नाटक का उद्देश्य छात्राओं को सतर्क रहने और सही निर्णय लेने के लिए प्रेरित करना था।
मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद पुलिस दीदी सह सब-इंस्पेक्टर (एसआई) एकता सागर ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें आत्मनिर्भर, जागरूक और आत्मविश्वासी बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी छात्रा को छेड़छाड़, धमकी, साइबर उत्पीड़न या किसी अन्य प्रकार की परेशानी का सामना करना पड़े तो बिना किसी भय के तत्काल पुलिस से संपर्क करें। उन्होंने छात्राओं से अपनी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की।
वहीं, एसआई नेहा कुमारी ने कहा कि बिहार पुलिस बच्चों और छात्राओं की सुरक्षा के लिए हमेशा प्रतिबद्ध है। उन्होंने छात्राओं को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी देते हुए किसी भी आपात स्थिति में पुलिस की सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के सचिव आशीष रत्न ने शिकारपुर पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों में सुरक्षा के प्रति विश्वास पैदा करते हैं और पुलिस तथा समाज के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के समापन पर उत्कृष्ट सांस्कृतिक एवं नाट्य प्रस्तुति देने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल और उपहार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधिकारी, विद्यालय के शिक्षक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट
