पटना में पुलिस टीम पर हमला, ASI को खेत में ले जाकर पीटा; दो आरोपी गिरफ्तार

Rashmi Tiwari

पटना में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब पुलिस टीम भी उनके निशाने पर है। ताजा मामला बाइपास थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां जुआ अड्डे पर छापेमारी करने पहुंची पुलिस टीम पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने ASI सरयू प्रसाद को घेरकर खेत में ले गए और उनके साथ जमकर मारपीट की। इस हमले में ASI के सिर में चोट आई, जबकि उनकी वर्दी भी कीचड़ से सन गई।जानकारी के मुताबिक, घटना 11 नवंबर की देर रात महुली रोड की है। पुलिस को इलाके में जुआ अड्डा संचालित होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर जमादार सरयू प्रसाद पुलिस टीम के साथ छापेमारी करने पहुंचे थे। लेकिन पुलिस के पहुंचते ही वहां मौजूद कुछ युवकों ने कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया।

देखते ही देखते विरोध कर रहे युवकों ने पुलिस टीम को घेर लिया। इसके बाद हमलावर ASI सरयू प्रसाद को पकड़कर पास के खेत में ले गए और उनकी बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।मारपीट का वीडियो वायरल, 15 लोगों पर FIRघटना के दो दिन बाद पुलिसकर्मी के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। बाइपास थाना प्रभारी रंजीत कुमार ने वायरल वीडियो की पुष्टि की है। मामले में पुलिस ने 15 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है।थाना प्रभारी रंजीत कुमार के अनुसार, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। पुलिस टीम पर हुए इस हमले के बाद इलाके में कानून-व्यवस्था और पुलिस की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

Share This Article