NEWS PR डेस्क: भागलपुर के टाउन हॉल में प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के तहत विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के क्षेत्रीय कार्यालय, भागलपुर के तत्वावधान में आयोजित हुआ। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देशभर के लाभार्थियों को संबोधित किया। उनके संबोधन का सीधा प्रसारण टाउन हॉल में भी किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने सुना।

लाभार्थियों को मिला सीधा फायदा
इस योजना के तहत नियोक्ताओं और कर्मचारियों को प्रोत्साहन राशि का लाभ डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से सीधे उनके बैंक खातों में भेजा गया। साथ ही चयनित कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए गए। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी, उद्योग जगत के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने रखा विचार
इस अवसर पर विधायक रोहित पांडे, मेयर डॉ. वसुंधरा लाल और EPFO के क्षेत्रीय आयुक्त ने योजना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे रोजगार सृजन और युवाओं को अवसर प्रदान करने वाली महत्वपूर्ण पहल बताया। अधिकारियों के अनुसार, यह योजना युवाओं को रोजगार से जोड़ने और उद्योगों को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे आने वाले समय में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे। भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट
