विष्णुपद मंदिर में दर्शन के बाद प्रवीण तोगड़िया का बयान, कहा-बंगाल में हिंदू ही जीतेगा

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: गया जी। अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के नेता प्रवीण तोगड़िया शुक्रवार को दो दिवसीय दौरे पर गयाजी पहुंचे। यहां उन्होंने विश्व प्रसिद्ध विष्णुपद मंदिर में भगवान विष्णु के चरण चिन्ह पर माथा टेककर पूजा-अर्चना की और देश व समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।

दर्शन के बाद तोगड़िया ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और बाद में मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हमेशा बहुमत की जीत होती है और जनता ही अंतिम फैसला करती है। उन्होंने पश्चिम बंगाल की राजनीति का जिक्र करते हुए कहा कि वहां भी बहुमत का ही फैसला सामने आएगा और हिंदू समाज की जीत होगी।

तोगड़िया ने कहा कि देश में हिंदू समाज अब तेजी से संगठित हो रहा है। उन्होंने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद की ओर से देशभर में एक व्यापक अभियान चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य हिंदू समाज को सुरक्षित और स्वस्थ बनाना है। “हिंदू घर सुरक्षित, हिंदू घर रोग मुक्त” के नारे के साथ संगठन के कार्यकर्ता गांव-गांव और शहर-शहर में अभियान चला रहे हैं।

उन्होंने बताया कि इस अभियान में अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के साथ बजरंग दल और महिला परिषद की सदस्य भी सक्रिय रूप से भाग ले रही हैं। उनका कहना था कि समाज के बीच संवाद बढ़ाना और संगठन को मजबूत करना ही उनके दौरे का मुख्य उद्देश्य है।

मीडिया से बातचीत के दौरान तोगड़िया ने अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने ईरान और इजराइल के बीच चल रहे तनाव पर कहा कि दोनों देश एक-दूसरे पर हमले कर रहे हैं और ऐसा माहौल बन गया है जहां हमले के बाद भी लोग उसी पर खुशी जाहिर कर रहे हैं।

शंकराचार्य को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि शंकराचार्य सनातन धर्म के सबसे बड़े धर्म गुरु हैं और उन पर टिप्पणी करने का अधिकार किसी को नहीं है। धर्म गुरुओं का सम्मान होना चाहिए।

वहीं देश के कई हिस्सों में सामने आ रही घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर की किल्लत के सवाल पर उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय हालात और युद्ध की वजह से ऐसी चर्चाएं सामने आ रही हैं। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की ओर से साफ कहा गया है कि कोई बड़ा संकट नहीं है और सरकार की बातों पर भरोसा करना चाहिए।

गौरतलब है कि प्रवीण तोगड़िया का यह दौरा संगठनात्मक बैठकों और कार्यकर्ताओं से संवाद को लेकर महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनके कार्यक्रम को लेकर स्थानीय कार्यकर्ताओं में भी काफी उत्साह देखा गया।

Share This Article