दरभंगा से इंटरनेशनल उड़ान की तैयारी तेज, 29 मार्च से शंघाई कनेक्टिंग फ्लाइट शुरू

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: उत्तर बिहार के लिए बड़ी खबर है। दरभंगा एयरपोर्ट से अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू करने की दिशा में तैयारियां तेजी से आगे बढ़ रही हैं। नए टर्मिनल भवन, रनवे विस्तार और अन्य आधारभूत ढांचे के निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर जारी हैं, ताकि भविष्य में यहां से सीधी अंतरराष्ट्रीय उड़ान संभव हो सके।

इसी बीच इंडिगो एयरलाइन ने दरभंगा से कोलकाता होते हुए चीन के शंघाई के लिए कनेक्टिंग अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवा शुरू करने की घोषणा की है। यह सेवा 29 मार्च से शुरू होगी, जिससे मिथिलांचल और उत्तर बिहार के यात्रियों को विदेश यात्रा के लिए नया विकल्प मिलेगा।

नई व्यवस्था के तहत यात्री दरभंगा से कोलकाता के लिए उड़ान भरेंगे, जहां से कनेक्टिंग फ्लाइट के जरिए उन्हें शंघाई पहुंचाया जाएगा। दरभंगा से फ्लाइट दोपहर 12:10 बजे रवाना होगी। हालांकि, कोलकाता एयरपोर्ट पर यात्रियों को करीब 8 घंटे 40 मिनट का इंतजार करना पड़ेगा, जिसके बाद अगली उड़ान से वे अगले दिन सुबह शंघाई पहुंचेंगे। कुल यात्रा समय लगभग 14 घंटे का होगा।

इंडिगो की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, यात्रियों को एक बड़ी सुविधा भी मिलेगी वे अपना सामान दरभंगा एयरपोर्ट पर ही चेक-इन कर सकेंगे, जो सीधे शंघाई पहुंचने पर उन्हें प्राप्त होगा।

इस नई सेवा के लिए एकतरफा टिकट की शुरुआती कीमत 18,228 रुपये तय की गई है और बुकिंग शुरू हो चुकी है।

विशेषज्ञों का मानना है कि इस नई कनेक्टिविटी से खासकर शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार के उद्देश्य से चीन जाने वाले लोगों को काफी लाभ होगा। साथ ही यह कदम दरभंगा एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जोड़ने की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है।

गौरतलब है कि दरभंगा एयरपोर्ट की शुरुआत नवंबर 2020 में उड़ान योजना के तहत हुई थी और फिलहाल यहां से दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और हैदराबाद के लिए नियमित उड़ान सेवाएं संचालित हो रही हैं। अब अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी के साथ यह एयरपोर्ट क्षेत्र के विकास में नई भूमिका निभाने को तैयार है।

Share This Article