NEWS PR डेस्क: पटना, 03 अप्रैल। मॉनसून से पहले संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए बिहार सरकार ने व्यापक स्तर पर तैयारी शुरू कर दी है। राज्य में बाढ़ सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए 1117 करोड़ रुपये की बड़ी योजना को मंजूरी दी गई है, जिसके तहत 384 परियोजनाओं पर काम किया जाएगा।
यह फैसला विजय चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में लिया गया। बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि तटबंधों की स्थिति पर कड़ी नजर रखी जाए और अभियंता खुद मौके पर जाकर निरीक्षण करें।
मंत्री ने कटाव निरोधक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने को कहा है। साथ ही स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर संवेदनशील इलाकों में मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की बाधा आने पर तुरंत उच्च स्तर पर जानकारी दी जाए, ताकि समय रहते समाधान हो सके।
इस बैठक में दरभंगा स्थित एम्स दरभंगा को बाढ़ और भारी बारिश से सुरक्षित रखने के लिए 92.66 करोड़ रुपये की विशेष योजना को भी मंजूरी दी गई। इसके तहत एम्स परिसर के चारों ओर मजबूत रिंग बांध बनाया जाएगा। साथ ही जल निकासी के लिए ड्रेनेज चैनल, पंप हाउस और सम्प जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
बैठक में 30 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली पांच प्रमुख परियोजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। यह बैठक बिहार राज्य बाढ़ नियंत्रण परिषद की 66वीं बैठक थी, जो गुरुवार शाम पटना में आयोजित हुई। इसमें पिछले वर्ष हुई बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुपालन की स्थिति की भी समीक्षा की गई।