NEWS PR डेस्क: नई दिल्ली/पटना, 22 मार्च 2026। बिहार दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राज्य के लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं और बिहार की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक तथा आध्यात्मिक विरासत की सराहना की।
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि बिहार ने सदियों से भारतीय संस्कृति और परंपरा को समृद्ध किया है और देश को गौरव प्रदान किया है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि राज्य आज विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है।
अपने आधिकारिक संदेश के साथ-साथ प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी बिहारवासियों को बधाई देते हुए लिखा कि “बिहार दिवस के अवसर पर राज्य के अपने सभी परिवारजनों को अनेकानेक शुभकामनाएं। भारतीय विरासत को भव्यता और दिव्यता प्रदान करने वाला हमारा यह प्रदेश आज प्रगति के नित-नए अध्याय गढ़ने में जुटा है।”
उन्होंने आगे विश्वास जताया कि बिहार के मेहनती और ऊर्जावान लोगों का समर्पण ‘विकसित बिहार’ के लक्ष्य को ‘विकसित भारत’ के व्यापक संकल्प के साथ साकार करने में अहम भूमिका निभाएगा।
आपको बता दें कि बिहार दिवस के मौके पर पूरे राज्य में विभिन्न कार्यक्रमों और आयोजनों की तैयारी की गई है, जहां लोग अपनी सांस्कृतिक धरोहर और उपलब्धियों का उत्सव मना रहे हैं।