NEWS PR डेस्क: पटना, 27 जुलाई। पूर्व मध्य रेल के दानापुर मंडल द्वारा बिना टिकट यात्रा पर रोक लगाने के उद्देश्य से रविवार को पटना-गया रेलखंड के तारेगना स्टेशन पर विशेष टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। “लाल गाड़ी” के नाम से संचालित इस विशेष अभियान के दौरान 252 बिना टिकट एवं अनियमित टिकट वाले यात्रियों को पकड़ा गया, जिनसे जुर्माने के रूप में कुल 1,24,265 रुपये रेल राजस्व की वसूली की गई।
दानापुर मंडल के वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक के निर्देशन में वाणिज्य विभाग और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त टीम ने यह अभियान चलाया। विशेष टिकट चेकिंग ट्रेन (लाल गाड़ी) के साथ तारेगना स्टेशन पर गुजरने वाली लगभग सभी ट्रेनों को अतिरिक्त ठहराव देकर यात्रियों के टिकटों की सघन जांच की गई।

रेल प्रशासन के अनुसार अभियान का उद्देश्य यात्रियों को उचित टिकट लेकर यात्रा करने के प्रति जागरूक करना और बिना टिकट यात्रा पर प्रभावी अंकुश लगाना है। इस कार्रवाई के बाद पटना-गया रेलखंड के विभिन्न स्टेशनों के टिकट काउंटरों पर यात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि अभियान का सकारात्मक प्रभाव पड़ा है।
पूर्व मध्य रेल ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट या उचित यात्रा प्राधिकार के साथ ही रेल यात्रा करें, ताकि अनावश्यक जुर्माने और कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके।
