NEWS PR डेस्क: आगामी 9 अप्रैल को बिहार से राज्यसभा की पांच सीटें खाली होने जा रही हैं। तारीख नजदीक आते ही सियासी सरगर्मी तेज हो गई है और एनडीए खेमे के भीतर दावेदारी को लेकर बयानबाजी शुरू हो गई है। इसी कड़ी में हिंदुस्तान आवाम मोर्चा (हम) ने भी एक सीट पर अपना दावा मजबूत तरीके से पेश किया है।
शनिवार को पार्टी के प्रवक्ता राजेश कुमार ने स्पष्ट कहा कि उनकी पार्टी शुरू से ही राज्यसभा में प्रतिनिधित्व की मांग उठाती रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी के संरक्षक जीतन राम मांझी लगातार गठबंधन के भीतर अपनी हिस्सेदारी की बात करते रहे हैं और इस बार भी एक सीट की दावेदारी जायज है।
राजेश कुमार ने आरोप लगाया कि गठबंधन में उनकी पार्टी को अक्सर कम आंका जाता है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में महज छह सीटें मिलना इसी का उदाहरण है। इसके बावजूद पार्टी नेतृत्व ने हमेशा संगठन विस्तार और मजबूती पर जोर दिया है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष सुमन की चुप्पी पर उठ रहे सवालों को खारिज करते हुए प्रवक्ता ने कहा कि हर रणनीतिक बात मीडिया में नहीं रखी जाती। उन्होंने दावा किया कि संतोष सुमन भी राज्यसभा सीट की मांग कर रहे हैं और उचित मंच पर अपनी बात रखी जाएगी।
वहीं उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी की ओर से यह दावा किया गया है कि एक सीट को लेकर पहले ही सहमति बन चुकी है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए राजेश कुमार ने कहा कि वह उनका आंतरिक मामला हो सकता है, लेकिन ‘हम’ की भी हर स्तर पर दावेदारी बनती है और पार्टी अपनी मांग मजबूती से रखेगी।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि राज्यसभा चुनाव से पहले एनडीए में सीट बंटवारे को लेकर और भी हलचल देखने को मिल सकती है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि गठबंधन नेतृत्व किस फार्मूले पर सहमति बनाता है और किन दलों को प्रतिनिधित्व मिलता है।