NEWS PR डेस्क: रोहतास, 16 जून। भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज आकाशदीप की शादी को लेकर उनके पैतृक गांव बड्डी में उत्साह का माहौल है। शादी समारोह की तैयारियों के बीच मंगलवार को बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आकाशदीप के घर पहुंचे और उन्हें आगामी वैवाहिक जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।
सम्राट चौधरी हेलीकॉप्टर से शिवसागर प्रखंड स्थित बड्डी गांव पहुंचे। गांव के बाहर बनाए गए अस्थायी हेलीपैड पर उतरने के बाद वे सीधे आकाशदीप के आवास पहुंचे, जहां परिवार के सदस्यों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
आकाशदीप की मां ने शॉल ओढ़ाकर उपमुख्यमंत्री का सम्मान किया, जबकि आकाशदीप ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान परिवार के अन्य सदस्यों ने भी सम्राट चौधरी से मुलाकात की और उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं।

करीब आधे घंटे तक आकाशदीप के घर रुकने के दौरान सम्राट चौधरी ने परिवार के साथ बातचीत की और विवाह की तैयारियों की जानकारी ली। बाद में उन्होंने इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा कि बिहार का गौरव और भारतीय क्रिकेट टीम का यह प्रतिभाशाली खिलाड़ी अपने नए जीवन की शुरुआत करने जा रहा है, जिसके लिए उन्होंने उसे सुखी, समृद्ध और मंगलमय दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं दीं।
गौरतलब है कि आकाशदीप का तिलक समारोह 21 जून को उनके पैतृक गांव बड्डी में आयोजित होगा, जबकि 24 जून को वाराणसी में उनका विवाह संपन्न होगा। शादी को लेकर परिवार और गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिल रहा है।
