इमामगंज पुलिस का बड़ा एक्शन: 341.82 लीटर विदेशी शराब जब्त, कार समेत तस्कर गिरफ्तार

Shreya Raj
विदेशी शराब जब्त कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया पुलिस ने ।

गया: बिहार में शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू कराने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इमामगंज थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 341.82 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। इस मामले में शराब की अवैध तस्करी के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। उसके कब्जे से शराब से भरी एक कार और मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब के सेवन, निर्माण, भंडारण, बिक्री और तस्करी पर रोक लगाने के उद्देश्य से लगातार अभियान चलाया जा रहा है और इसी अभियान के दौरान यह कार्रवाई की गई।

गुप्त सूचना पर बिछाया जाल, पीछा कर पकड़ी गई कार

पुलिस के अनुसार, गया के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी बीच इमामगंज थाना पुलिस को सूचना मिली कि एक क्रेटा कार के ज़रिए बड़ी मात्रा में विदेशी शराब की खेप लाई जा रही है। सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (डीएसपी) इमामगंज के नेतृत्व में इमामगंज थाना पुलिस और अन्य पुलिस अधिकारियों की टीम ने रानीगंज डीपीएस स्कूल के समीप वाहन जांच अभियान शुरू किया। जांच के दौरान एक सफेद रंग की कार आती दिखाई दी और काफी चतुराई से पुलिस को देखकर चालक ने वाहन मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में चालक ने अपनी पहचान राहुल कुमार, पिता विनय सिंह, निवासी बिदुपुर थाना, जिला वैशाली के रूप में बताई। इसके बाद पुलिस ने कार की अच्छे से तलाशी ली, जिस में कार के डिक्की में बॉक्स के अंदर छिपाकर रखी हुई भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई।

तीन अलग-अलग पैकिंग में मिली शराब, केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू

तलाशी के वक़्त पुलिस ने कार से 750 एमएल की 120 बोतल (10 कार्टन), कुल 90 लीटर, 375 एमएल की 480 बोतल (20 कार्टन), कुल 180 लीटर और 180 एमएल की 399 बोतल (08 कार्टन), कुल 71.82 लीटर विदेशी शराब बरामद की। इस तरह कुल 341.82 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई। पुलिस ने शराब के साथ प्रयुक्त कार और एक मोबाइल फोन भी अपने गिरफ्त में ले लिया है। इस मामले में इमामगंज थाना कांड संख्या 280/26, दिनांक 06 अगस्त 2026 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से लाई जा रही थी, और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था, साथ ही इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

गया से रिपोर्टर : आशीष कुमार

Share This Article