पश्चिम एशिया संकट पर पीएम के बयान का संतोष मांझी ने किया स्वागत, विपक्ष से एकजुटता की अपील

Amit Singh

पटना, 23 मार्च 2026। पश्चिम एशिया में जारी तनावपूर्ण हालात के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा संसद में दिए गए बयान का हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने स्वागत किया है। उन्होंने इसे संवेदनशील समय में देश के नेतृत्व की स्पष्ट और दूरदर्शी सोच का परिचायक बताया।

डॉ. सुमन ने कहा कि प्रधानमंत्री ने जिस स्पष्टता और संवेदनशीलता के साथ देश की स्थिति और सरकार की तैयारियों को संसद में रखा, वह सराहनीय है। उन्होंने खास तौर पर प्रभावित क्षेत्रों में फंसे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के फैसले की प्रशंसा की और कहा कि लाखों भारतीयों की सुरक्षित वापसी सरकार की बड़ी उपलब्धि है।

उन्होंने ऊर्जा सुरक्षा के मुद्दे पर भी सरकार के प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया। डॉ. सुमन के अनुसार, कच्चे तेल और गैस की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए उठाए गए कदम, स्ट्रेटेजिक पेट्रोलियम रिजर्व का निर्माण, रिफाइनिंग क्षमता में वृद्धि और एथेनॉल ब्लेंडिंग जैसे प्रयास देश को वैश्विक संकटों से निपटने के लिए सक्षम बनाते हैं।

इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा शांति, संवाद और कूटनीति पर दिए गए जोर को भारत की पारंपरिक विदेश नीति के अनुरूप बताया। उन्होंने कहा कि भारत हमेशा से वैश्विक शांति, स्थिरता और मानवता का पक्षधर रहा है।

डॉ. सुमन ने विपक्षी दलों से अपील करते हुए कहा कि इस संवेदनशील समय में राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर राष्ट्रीय हित में एकजुटता दिखानी चाहिए। उन्होंने भरोसा जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत इस संकट का मजबूती से सामना करेगा और वैश्विक मंच पर अपनी जिम्मेदार भूमिका को और सशक्त बनाएगा।

Share This Article