NEWSPR डेस्क। बिहार विधानसभा चुनाव के लिए दूसरे चरण का मतदान हो रहा है। इस बीच फिल्म अभिनेता और कांग्रेस नेता शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा है कि बिहार में बदलाव की लहर है। उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है कि परिणाम बिहार में लव सिन्हा और विकास के पक्ष में होंगे।
शत्रुघ्न सिन्हा के बेटे लव सिन्हा पटना के बांकीपुर से कांग्रेस के उम्मीदवार हैं। 2019 के लोकसभा चुनाव में शत्रुघ्न सिन्हा कांग्रेस के टिकट पर पटना साहिब सीट से चुनाव लड़े थे। उन्हें भाजपा प्रत्याशी रविशंकर प्रसाद ने हरा दिया था।
इस बार कांग्रेस ने बांकीपुर सीट से शत्रुघ्न के 37 साल के बेटे लव सिन्हा को मैदान में उतारा है। बिहार की राजधानी पटना का बड़ा हिस्सा बांकीपुर निर्वाचन क्षेत्र में आता है। इस संसदीय सीट पर शत्रुघ्न सिन्हा 2009 और 2014 में भाजपा के टिकट पर जीते थे।
उनके बेटे लव सिन्हा अब सियासत में अपने पैर जमाने में जुटे हैं। लव सिन्हा के बारे में बताया जाता है कि उन्होंने पहले अभिनय में रुचि दिखाई थी लेकिन फिर उनका रुझान राजनीति की ओर हो गया।
लव सिन्हा का मुकाबला 40 वर्षीय विधायक नितिन नवीन से है। नितिन नवीन ने 2006 में अपने पिता नवीन किशोर सिन्हा के निधन के बाद इस सीट से पहली बार चुनाव जीता था। वह तब से लगातार जीतते आ रहे हैं।