पूर्व मंत्री के निधन पर श्याम रजक ने जताया गहरा शोक

Sanjeev Shrivastava


पटना: उद्योग मंत्री श्याम रजक ने मंगलवार को पूर्व मंत्री विद्यासागर निषाद के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा कि विद्यासागर निषाद का निधन मल्लाह समाज के लिए ही नहीं बल्कि वंचित तबकों से आने वाले हर व्यक्ति के लिए एक बड़ी क्षति है। विद्यासागर निषाद ने लम्बे संघर्षों के जरिये सदियों से शोषित समाज के लिए कई नीतिगत बदलाव लाने में एक अहम् भूमिका निभाई थी।

उन्होंने कहा कि आज जहां राजनीती में बाहुबलियों का और आर्थिक रूप से संपन्न लोगों का दबदबा बढ़ता जा रहा है, उस दौर में विद्यासागर निषाद का आपराधिक तबके से दूरी रखना और आर्थिक सम्पन्नता के बदले सादा जीवन जीना एक आदर्श भी प्रस्तुत करता है।

रजक ने कहा कि विद्यासागर निषाद का जीवन हम जैसे लोगों के लिए भी अनुकरण के योग्य रहा। गोगरी प्रखंड के उसरी गांव के मूल निवासी विद्यासागर निषाद परबत्ता विधान सभा क्षेत्र से चुनाव लड़ते थे। वर्ष 1990 एवं 1995 के चुनावों में वो जनता दल की टिकट पर निर्वाचित हुए थे और उस वक्त जनता दल की सरकार में वो पशुपालन मंत्री रहे थे। उनकी गिनती बिहार के वंचित तबके से आने वाले प्रभावशाली नेताओं में होती है। उनकी मृत्यु पर शोक व्यक्त करते हुए श्याम रजक ने कहा कि हम उनकी आत्मा की शांति के लिए कामना करते हैं और पीड़ा की इस घड़ी में उनके शोकसंतप्त परिवार के लिए प्राथना करते हैं कि वो इस दुःख की घड़ी में हौसला बनाये रखे।

Share This Article