सोनिया गांधी की किताब पर बवाल, संजय झा का कांग्रेस पर हमला; बोले- नीतीश कुमार ने बनाया था INDIA गठबंधन

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : बिहार की राजनीति में एक बार फिर INDIA गठबंधन और नीतीश कुमार को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। सोनिया गांधी की किताब Belonging: A Journey of Love में नीतीश कुमार के NDA में लौटने को लेकर की गई टिप्पणी पर JDU ने कांग्रेस को घेरा है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद संजय झा ने पलटवार करते हुए कहा कि INDIA गठबंधन बनाने की पहल खुद नीतीश कुमार ने की थी।

संजय झा ने दावा किया कि गठबंधन के नाम INDIA को लेकर भी कांग्रेस के कुछ नेताओं ने आपत्ति जताई थी। उन्होंने कहा कि बैठक में कुछ नेताओं का कहना था कि INDIA देश का नाम है, इसलिए गठबंधन का नाम INDIA नहीं होना चाहिए। हालांकि, उन्होंने आपत्ति जताने वाले नेताओं के नाम नहीं बताए।


दरअसल, सोनिया गांधी ने अपनी किताब में लिखा है कि नीतीश कुमार INDIA गठबंधन से बाहर निकलने का रास्ता तलाश रहे थे और वह बीजेपी के नियंत्रण में थे। इसी टिप्पणी पर संजय झा ने सवाल उठाते हुए कहा कि जिस नेता ने विपक्षी दलों को एकजुट करने की पहल की, उनके बारे में इस तरह की टिप्पणी करना उचित नहीं है।

संजय झा ने गठबंधन की बैठकों पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि वहां देश के विकास और भविष्य को लेकर कोई ठोस विजन नहीं था, बल्कि निजी महत्वाकांक्षाएं और परिवार की राजनीति हावी थी। उन्होंने कांग्रेस से पूछा कि आखिर ऐसी क्या परिस्थितियां बनीं, जिनकी वजह से नीतीश कुमार को गठबंधन छोड़ना पड़ा?


गौरतलब है कि नीतीश कुमार जनवरी 2024 में INDIA गठबंधन से अलग होकर फिर से NDA में शामिल हो गए थे। उनके इस फैसले से बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव आया था अब सोनिया गांधी की किताब में इस घटनाक्रम का जिक्र और संजय झा की प्रतिक्रिया ने एक बार फिर उस राजनीतिक घटनाक्रम को चर्चा में ला दिया है। एक तरफ सोनिया गांधी ने नीतीश कुमार के गठबंधन छोड़ने के पीछे की परिस्थितियों पर अपनी बात रखी है, वहीं दूसरी तरफ JDU उनके गठबंधन निर्माण में योगदान को सामने रखकर कांग्रेस से सवाल कर रही है।

Share This Article