आईआईटियन की नगरी पटवा टोली में बन रही खास राखियां: PM मोदी के लिए तिरंगे वाली स्पेशल राखी, 1000 से अधिक जवानों को भेजी जाएंगी सेना के एंबलम वाली राखियां

Shreya Raj
पटवा टोली की छात्राओं ने देश की रक्षा करने वाले सैनिकों के लिए अपने हाथों से तैयार की खास तिरंगा और सेना के एंबलम वाली राखियां।

NEWS PR डेस्क : गया : आईआईटियन की नगरी के नाम से मशहूर गया की पटवा टोली में इस बार रक्षाबंधन को लेकर खास तैयारियां की जा रही हैं। यहां आईआईटी, जेईई और नीट की तैयारी करने वाली छात्राएं अपने हाथों से विशेष राखियां तैयार कर रही हैं। इन राखियों के जरिए छात्राएं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और देश की सीमाओं पर तैनात सैनिकों तक अपना प्यार, सम्मान और देशभक्ति का संदेश पहुंचाना चाहती हैं।

PM नरेंद्र मोदी के लिए पहली बार बनाई गई तिरंगे वाली विशेष राखी

आईआईटी की तैयारी कर रही छात्राओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए खास तौर पर तिरंगे वाली स्पेशल राखी तैयार की है। छात्रा शोभा कुमारी ने बताया कि प्रधानमंत्री के लिए इस तरह की विशेष तिरंगे वाली राखी पहली बार बनाई गई है। यह राखी प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) को भेजी जाएगी।

सैनिक भाइयों के लिए तैयार हो रहीं 1000 से अधिक राखियां

वहीं, देश की सीमाओं पर तैनात सैनिकों के लिए भारतीय सेना के एंबलम साइन वाली 1000 से अधिक राखियां तैयार की जा रही हैं। छात्राएं पिछले एक सप्ताह से लगातार इन राखियों को बनाने में जुटी हुई हैं।

इन राखियों को मोतियों, सितारों, नग और रंग-बिरंगे कांच के मोतियों से सजाया जा रहा है। छात्राओं का कहना है कि वे हर राखी में अपनी भावनाएं और सैनिकों के प्रति सम्मान भी जोड़ रही हैं।

रक्षाबंधन पर भी देश की रक्षा में जुटे रहते हैं जवान

राखियां तैयार कर रही छात्राओं का कहना है कि देश की सीमाओं पर तैनात सैनिक रक्षाबंधन जैसे त्योहारों पर भी अपनी ड्यूटी निभाते हैं। कई जवान अपने परिवार और बहनों के पास त्योहार मनाने नहीं पहुंच पाते हैं। ऐसे में इन राखियों के माध्यम से छात्राएं सैनिक भाइयों तक बहनों का प्यार और सम्मान पहुंचाना चाहती हैं।

छात्रा रिया कुमारी ने कहा कि सैनिक भले ही उनके सगे भाई नहीं हैं, लेकिन देश की रक्षा करने वाले हर जवान को वे अपने भाई के समान मानती हैं। उनके अनुसार, देश की सुरक्षा में दिन-रात लगे सैनिकों को राखी भेजना गर्व और खुशी की बात है।

‘वृक्ष वी द चेंज’ संस्था के छात्र-छात्राएं कर रहे हैं खास पहल

पटवा टोली में आईआईटी, जेईई और नीट की निशुल्क तैयारी कराने वाली ‘वृक्ष वी द चेंज’ संस्था के फाउंडर चंद्रकांत पटवारी ने बताया कि छात्राएं दिन-रात मेहनत कर इन विशेष राखियों को तैयार कर रही हैं।

उन्होंने बताया कि सैनिकों के लिए तैयार की जा रही राखियों को डाक के माध्यम से देश के अलग-अलग आर्मी कैंपों में भेजा जाएगा। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए तैयार तिरंगे वाली विशेष राखी प्रधानमंत्री कार्यालय यानी पीएमओ भेजी जाएगी।

बुनकरों की नगरी से देशभक्ति की नई मिसाल

गया की पटवा टोली को आईआईटियन की नगरी के रूप में जाना जाता है। बुनकरों की इस नगरी से अब तक बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं इंजीनियर बनकर देश और विदेश में नाम कमा चुके हैं।

अब इसी पटवा टोली की बेटियां अपनी पढ़ाई के साथ-साथ देशभक्ति और सैनिकों के प्रति सम्मान की एक अलग मिसाल पेश कर रही हैं। अपने हाथों से तैयार की गई इन राखियों के जरिए वे देश की सीमाओं पर तैनात जवानों तक बहन के प्यार का संदेश पहुंचाने की तैयारी में हैं।

गया से रिपोर्टर : आशीष कुमार

Share This Article