नीतीश सेतु के उद्घाटन समारोह में सम्राट चौधरी का बड़ा ऐलान, बिहार में 1 लाख रोजगार का लक्ष्य

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को वैशाली में कच्ची दरगाह-बिदुपुर के बीच बने नीतीश सेतु का लोकार्पण किया। इस मौके पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विकास योजनाओं की जानकारी दी और विपक्ष पर निशाना साधा। नीतीश कुमार की तस्वीर पोस्टर-बैनर में नहीं होने के आरोपों पर उन्होंने कहा कि पूरा पुल ही नीतीशमय हो गया है।
बिहार में एक लाख रोजगार देने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य रखा गया है। वहीं नीतीश कुमार ने विकसित बिहार का सपना देखा है। उन्होंने बताया कि राज्य में इलेक्ट्रॉनिक्स पार्ट्स और फूड प्रोसेसिंग उद्योग स्थापित करने की तैयारी है। इसके लिए 1200 एकड़ जमीन अधिग्रहित की गई है और करीब एक लाख लोगों को रोजगार देने का लक्ष्य है।
शिक्षा और सुशासन पर सरकार का जोर
सम्राट चौधरी ने बताया कि सहयोग कार्यक्रम के तहत अब तक साढ़े 10 लाख आवेदन मिले हैं। वहीं स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना से विद्यार्थियों को 18 हजार करोड़ रुपये उपलब्ध कराए गए हैं। जननायक कर्पूरी ठाकुर के नाम पर स्किल यूनिवर्सिटी स्थापित करने की भी घोषणा की।
रेलवे और सड़क परियोजनाओं का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में रेलवे की करीब एक लाख करोड़ रुपये की योजनाओं पर काम हो रहा है। वहीं सड़क क्षेत्र में साढ़े चार लाख करोड़ रुपये की परियोजनाएं संचालित हैं।
SIR को लेकर कांग्रेस पर साधा निशाना
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर भी सम्राट चौधरी ने कांग्रेस पर सवाल उठाए। उन्होंने चुनाव आयोग के आंकड़ों का हवाला देते हुए विपक्ष के आरोपों को खारिज किया। इसके साथ ही राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से जुड़े कार्यक्रमों का जिक्र करते हुए राजनीतिक मर्यादा बनाए रखने की बात कही।

Share This Article