पटना में गैस वितरण पर सख्ती, शिकायत मिलते ही FIR और गिरफ्तारी का निर्देश

Amit Singh
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: पटना, 04 अप्रैल। जिलाधिकारी, पटना ने एलपीजी गैस की आपूर्ति एवं वितरण की विस्तृत समीक्षा करते हुए स्पष्ट किया है कि जिले में घरेलू गैस की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य एवं सुचारू रूप से जारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि उपभोक्ताओं की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखते हुए पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करें और कालाबाजारी, जमाखोरी, ओवरप्राइसिंग या अवैध उपयोग की शिकायत मिलने पर तुरंत प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कार्रवाई करें।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में कुल 136 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं और 16.65 लाख से अधिक उपभोक्ता हैं। अब तक 12.12 लाख से ज्यादा बुकिंग हो चुकी है। प्रतिदिन औसतन 30-35 हजार बुकिंग और 35-40 हजार सिलेंडरों का वितरण किया जा रहा है, जिससे स्पष्ट है कि आपूर्ति की स्थिति पूरी तरह संतुलित है। उन्होंने लोगों से अपील की कि पैनिक बुकिंग न करें और घर बैठे ऑनलाइन या फोन के माध्यम से ही गैस बुक करें।

उन्होंने बताया कि प्रशासन द्वारा एलपीजी डीलरों और वितरकों के यहां लगातार निरीक्षण और छापेमारी की जा रही है। अवैध गतिविधियों पर ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई गई है और दोषियों पर एस्मा एक्ट व आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की जाएगी। प्रखंड स्तर पर 28 धावा दल सक्रिय हैं, जो शिकायतों के आधार पर त्वरित कार्रवाई कर रहे हैं।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ भी प्रशासन सख्त है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि गलत सूचनाओं का तुरंत खंडन करें और जनता तक सही जानकारी पहुंचाएं। इसके लिए जिला नियंत्रण कक्ष 24×7 सक्रिय है, जहां 0612-2219810 पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि घरेलू गैस के दुरुपयोग को रोकने के लिए होटल, ढाबों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। घरेलू सिलेंडरों के अवैध उपयोग पर कड़ी कार्रवाई होगी।

पीएनजी सुविधा को मिलेगा बढ़ावा

बैठक में जिलाधिकारी ने पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन को मिशन मोड में बढ़ाने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि GAIL द्वारा लगातार शिविर लगाकर घरेलू पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध कराया जा रहा है। यह सुविधा सुरक्षित, सस्ती और पर्यावरण के अनुकूल है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से पीएनजी अपनाने की अपील की।

प्रशासन पूरी तरह सतर्क

जिलाधिकारी ने कहा कि उपभोक्ताओं के हितों से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। वैश्विक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक वस्तुओं एवं सेवाओं की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। प्रशासन, तेल कंपनियों और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर लगातार स्थिति की निगरानी कर रहा है। उन्होंने दोहराया कि एलपीजी की आपूर्ति पर्याप्त है और आम लोगों को किसी तरह की घबराहट की जरूरत नहीं है।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article