NEWS PR डेस्क: पटना: बिहार शिक्षक भर्ती परीक्षा (BPSC TRE-4) के नोटिफिकेशन में लगातार देरी के चलते राजधानी पटना में छात्र आंदोलन तेज हो गया है। आज पटना कॉलेज परिसर से शुरू हुए पैदल मार्च में हजारों छात्र मुख्य सड़कों पर प्रदर्शन करते हुए अपनी मांगों को सरकार और आयोग तक पहुंचाने का प्रयास करते दिखे। हाथों में तख्तियां और नारों के साथ छात्र शांतिपूर्ण लेकिन दृढ़ अंदाज में अपनी नाराजगी जताते नजर आए।
छात्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समय पर शिक्षक बहाली के निर्देश दिए थे, लेकिन आयोग और संबंधित विभाग की सुस्ती के कारण प्रक्रिया ठप पड़ गई। उन्होंने इसे मुख्यमंत्री के निर्देशों का अपमान बताया और TRE-4 की रिक्तियों और आवेदन की तारीख तुरंत घोषित करने की मांग की।
आंदोलनकारियों ने आरोप लगाया कि बिहार में शिक्षक बहाली की प्रक्रिया जानबूझकर लटकाई जा रही है। उनका कहना है कि जब चौथे चरण की भर्ती की गारंटी पहले ही दी गई थी, तो नोटिफिकेशन में हो रही यह देरी छात्रों और राज्य के लाखों बेरोजगार युवाओं के साथ धोखा है।
छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही BPSC की वेबसाइट पर TRE-4 नोटिफिकेशन अपलोड नहीं किया गया, तो आंदोलन और अधिक तेज और व्यापक रूप ले सकता है। उनकी मुख्य मांग है कि परीक्षा का पूरा कैलेंडर और रिक्तियों की संख्या पारदर्शी तरीके से जारी की जाए।