NEWS PR डेस्क :बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और ‘गदर’ फेम सनी देओल अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बंटवारा 1947’ के प्रमोशन में पूरे देश का दौरा कर रहे हैं। इसी अभियान की शुरुआत उन्होंने बिहार की राजधानी पटना से की। पटना एयरपोर्ट से लेकर कार्यक्रम स्थल तक अभिनेता का प्रशंसकों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। उनकी एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे।

मीडिया से बातचीत के दौरान सनी देओल ने कहा कि उनकी पूरी टीम ने देशभर में प्रमोशन अभियान की शुरुआत बिहार से करने का फैसला किया। उन्होंने कहा कि बिहार की ऊर्जा और यहां के लोगों का स्नेह किसी भी बड़े काम की बेहतरीन शुरुआत के लिए प्रेरणा देता है।
सनी देओल ने कहा, “हम अपनी फिल्म के प्रमोशन के लिए पूरे हिंदुस्तान का दौरा कर रहे हैं। कई राज्यों में जाएंगे, लेकिन हमने शुरुआत बिहार से करने का निर्णय लिया, के लिए बिहार की ऊर्जा और यहां के लोगों का प्यार सबसे अहम है।
फिल्म से जुड़ी एक अहम जानकारी साझा करते हुए अभिनेता ने बताया कि इस बार उनके बेटे भी इस प्रोजेक्ट का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा, “मेरा पुत्र भी इस फिल्म में इस बार साथ है।” उनके इस बयान के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है। पटना में सनी देओल की मौजूदगी को लेकर प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम स्थल के बाहर बड़ी संख्या में लोग अभिनेता का स्वागत करने पहुंचे और उनके साथ तस्वीरें लेने की कोशिश करते नजर आए।
फिलहाल, ‘बंटवारा 1947’ का प्रमोशन अभियान शुरू हो चुका है। आने वाले दिनों में सनी देओल और उनकी टीम देश के विभिन्न शहरों का दौरा करेगी। वहीं, बिहार से प्रमोशन की शुरुआत करने के उनके फैसले की भी सोशल मीडिया और प्रशंसकों के बीच खूब चर्चा हो रही है।
