NEWS PR डेस्क: पटना, 29 जुलाई। बिहार में शिक्षक बनने का सपना देख रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर है। राज्य सरकार ने शिक्षक भर्ती परीक्षा (TRE-4) के तहत 32,388 पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ा दी है। शिक्षा विभाग ने इन पदों के लिए अधियाचना बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) को भेज दी है, जिसके बाद भर्ती प्रक्रिया शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है।
बुधवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी साझा करते हुए कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगातार कदम उठा रही है। उन्होंने इसे बिहार के युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर बताते हुए कहा कि विकसित बिहार के लक्ष्य को हासिल करने में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की बड़ी भूमिका है।
TRE-4 के तहत सबसे अधिक नियुक्तियां उच्च माध्यमिक स्तर पर की जाएंगी। शिक्षा विभाग के अनुसार कक्षा 11 और 12 के लिए 16,101 पद निर्धारित किए गए हैं। वहीं कक्षा 6 से 8 के लिए 8,563, कक्षा 9 और 10 के लिए 3,877 तथा प्राथमिक स्तर यानी कक्षा 1 से 5 के लिए 3,847 शिक्षकों की भर्ती की जाएगी।

सरकार का मानना है कि इन नियुक्तियों से सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर होगी, छात्रों को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिलेगा और बड़ी संख्या में युवाओं को सरकारी सेवा में आने का अवसर प्राप्त होगा। अब अभ्यर्थियों की नजर बिहार लोक सेवा आयोग की ओर से जारी होने वाली भर्ती अधिसूचना और परीक्षा कार्यक्रम पर टिकी है।
