NEWS PR डेस्क: पटना, 27 जुलाई। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव एक बार फिर सरकार के खिलाफ आक्रामक तेवर में नजर आए हैं। 25 जुलाई को हुए छात्र प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों की गिरफ्तारी और कथित फायरिंग की घटना को लेकर उन्होंने बिहार सरकार पर तीखा हमला बोला है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए तेजस्वी यादव ने सरकार की कार्रवाई की कड़ी आलोचना की और चेतावनी दी कि जनता के साथ इस तरह का व्यवहार करने का परिणाम सरकार को भुगतना पड़ेगा। उन्होंने प्रदर्शनकारियों के समर्थन में खुलकर अपनी बात रखते हुए सरकार की नीतियों पर सवाल भी उठाए।
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने लिखा, ‘7 हत्याओं का आरोपी बिहार का मुख्यमंत्री सड़क छाप अपराधी है जिसने तमाम लोकतांत्रिक परंपराओं को त्याग देश में पहली बार प्रदर्शनकारी छात्रों पर AK-47 से गोली चलवाई है। छात्रों से समझौते के बाद भी बिहार में हज़ारों छात्रों पर फर्जी केस दर्ज कर हिरासत में लिया जा रहा है, परिजनों को प्रताड़ित किया जा रहा है। अगर छात्रों को रिहा नहीं किया गया तो NDA सरकार को महंगा पड़ेगा।’

वहीं, इस पूरे मामले के बीच सीवान जिले से एक पुलिस जवान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें वह AK-47 से फायरिंग करता दिखाई दिया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच कराई। जांच में प्रथम दृष्टया लापरवाही सामने आने पर संबंधित जवान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
