डीएमसीएच सुपर स्पेशलिटी अस्पताल का आयुक्त ने किया औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार के दिए निर्देश

Amit Singh
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: दरभंगा, 16 मई 2026। हिमांशु कुमार राय, आयुक्त, दरभंगा प्रमंडल ने शुक्रवार को डीएमसीएच सुपर स्पेशलिटी अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं, दवा व्यवस्था, मानव संसाधन और आधारभूत संरचनाओं की विस्तृत समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिए।

निरीक्षण के बाद आयोजित समीक्षा बैठक में अस्पताल प्रशासन, चिकित्सकों और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में बताया गया कि सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में फिलहाल 8 में से केवल 6 विभाग संचालित हो रहे हैं। इस पर आयुक्त ने शेष विभागों को जल्द शुरू करने का निर्देश दिया।

चिकित्सकों ने बैठक में एनेस्थीसिया और रेडियोलॉजी विभाग में डॉक्टरों की कमी की जानकारी दी। अस्पताल प्रशासन की ओर से बताया गया कि एक ही दिन में 401 एक्स-रे किए गए, जिससे बढ़ते मरीजों के दबाव का अंदाजा लगाया जा सकता है।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

आयुक्त ने अस्पताल में एंबुलेंस सेवा, ब्लड बैंक, दवाओं की उपलब्धता और स्टॉक की स्थिति की भी समीक्षा की। दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) के अधीक्षक ने बताया कि कुल 612 प्रकार की दवाओं में से फिलहाल 208 दवाएं मरीजों को उपलब्ध हैं, जिन्हें आवश्यकता के अनुसार निःशुल्क वितरित किया जा रहा है। इस पर आयुक्त ने विभाग द्वारा निर्धारित सभी आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए और उन्हें अस्पताल से ही सभी जरूरी दवाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए, ताकि बाहर से दवा खरीदने की नौबत न आए।

आयुक्त ने बिहार मेडिकल सर्विसेज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कॉरपोरेशन लिमिटेड (BMSICL) को प्रत्येक माह दवाओं की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा दवा वितरण व्यवस्था की निगरानी करने का निर्देश दिया।

बैठक में अस्पताल में चिकित्सकों, कर्मियों और अन्य संसाधनों की कमी पर भी चर्चा हुई। आयुक्त ने डीएमसीएच अधीक्षक, प्राचार्य, सिविल सर्जन और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक मानव संसाधनों का विस्तृत प्रतिवेदन तैयार कर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही चिकित्सकों को मरीजों को अनावश्यक रूप से रेफर नहीं करने की हिदायत दी।

निरीक्षण के दौरान अस्पताल की छह लिफ्टों के बंद पाए जाने पर आयुक्त ने नाराजगी जताई और शीघ्र उन्हें चालू कराने का निर्देश दिया। इसके अलावा ऑक्सीजन सिलेंडर, ओटी असिस्टेंट, सीनियर रेजिडेंट और विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

आयुक्त ने अस्पताल परिसर में नियमित साफ-सफाई और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।

बैठक में क्षेत्रीय अपर निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ. राजीव कुमार सिंह, उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद, उप निदेशक डॉ. सच्चिदानंद सिंह, सिविल सर्जन डॉ. अरुण कुमार, डॉ. सरोज कुमार, डॉ. संजय कुमार झा, डॉ. हरी दामोदर सिंह, डॉ. सुरेन्द्र कुमार, डॉ. अमित कुमार झा सहित कई अधिकारी और चिकित्सक उपस्थित रहे।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article