छठ पर्व के दौरान बदला रहेगा मौसम का मिजाज, हल्की ठंड और बादलों की आहट

Jyoti Sinha
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

लोक आस्था के महापर्व छठ के दौरान इस बार मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिलेगा। 27 और 28 अक्टूबर को राजधानी पटना सहित राज्य के ज्यादातर हिस्सों में सुबह हल्की धुंध और आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, इन दो दिनों में दिन के समय बादलों की आवाजाही बनी रहेगी, जबकि सुबह और शाम हल्की ठंड का एहसास रहेगा। खासकर सीमांचल के जिलों में 27 अक्टूबर को हल्की बारिश के आसार जताए गए हैं।


तापमान में गिरावट, मौसम रहेगा सुहावना

मौसम विज्ञान केंद्र का कहना है कि अगले चार दिनों में तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। हालांकि, छठ पर्व के दौरान मौसम सामान्य रहेगा, जिससे व्रती महिलाएं और श्रद्धालु बिना किसी रुकावट के सूर्यदेव की उपासना कर सकेंगे।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

बंगाल की खाड़ी में बन रहा नया सिस्टम

इस बीच बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव क्षेत्र 27 अक्टूबर तक गहरे अवदाब में बदल सकता है और आगे चलकर चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। विभाग के अनुसार, यह तूफान 28 अक्टूबर की शाम या रात में आंध्र प्रदेश तट से टकरा सकता है।
इसके प्रभाव से 29 से 31 अक्टूबर के बीच बिहार के कई इलाकों में हल्की से मध्यम वर्षा, जबकि उत्तर और उत्तर-पूर्वी जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।


तेज हवाओं और वज्रपात का अलर्ट

मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और वज्रपात की भी संभावना है।
अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।


सुबह दृश्यता में कमी, श्रद्धालुओं को सतर्क रहने की सलाह

मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि पूर्वांचल और उत्तर बिहार के कुछ हिस्सों में सुबह दृश्यता कम हो सकती है। श्रद्धालुओं को घाटों की ओर जाते समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई है ताकि किसी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके।


किसानों को अलर्ट

मौसम विभाग ने किसानों को आगाह करते हुए कहा है कि वे खरीफ फसलों की कटाई जल्द पूरी कर लें और सब्जियों की सिंचाई फिलहाल रोक दें
वज्रपात के दौरान मवेशियों को खुले में न छोड़ें और बिजली से जुड़े उपकरणों का सावधानीपूर्वक उपयोग करें


पटना में हल्का कोहरा और आंशिक बादल

शनिवार की सुबह पटना और आसपास के इलाकों में हल्का कोहरा छाया रहा। दिन में धूप निकलने के बावजूद आसमान में आंशिक बादल बने रहे, जिससे मौसम सुहावना रहा।
पटना का अधिकतम तापमान 33.6°C, जबकि पूर्णिया में 34.2°C के साथ राज्य का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया।


तापमान में मिला-जुला रुख

मौसम केंद्र के अनुसार, राज्य के 15 शहरों में तापमान में बढ़ोतरी, जबकि बाकी जिलों में हल्की गिरावट दर्ज की गई।
कुल मिलाकर, छठ पर्व के दौरान मौसम श्रद्धालुओं के लिए अनुकूल रहेगा, लेकिन पर्व के बाद बिहार में दोबारा बारिश और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article