NEWS PR डेस्क: भागलपुर जिले में एक ईंट भट्ठे पर काम करने के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में एक मजदूर की जान चली गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। वहीं मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे प्रशासन से न्याय तथा उचित मुआवजे की मांग कर रहे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान इस्माइलपुर थाना क्षेत्र निवासी जनार्दन मंडल के पुत्र विकास कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि विकास कुमार ईंट भट्ठे पर मशीन में बुरादा और सीमेंट की बोरी डालने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका शरीर मशीन की चपेट में आ गया और मशीन उन्हें अंदर की ओर खींच ले गई।
हादसा इतना भयावह था कि विकास कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद मजदूरों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जाता है कि विकास कुमार शादीशुदा थे और उनके तीन छोटे बच्चे हैं। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी पूरी तरह उन्हीं के कंधों पर थी। ऐसे में उनकी असमय मौत ने परिवार को गहरे संकट में डाल दिया है।

घटना के बाद परिजन सदमे में हैं और लगातार उचित मुआवजे की मांग कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार ईंट भट्ठा मालिक की ओर से मृतक के परिजनों को एक से डेढ़ लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की बात कही गई है। हालांकि परिजनों का कहना है कि यह राशि परिवार के भविष्य और बच्चों के पालन-पोषण के लिए पर्याप्त नहीं है।
परिजनों ने प्रशासन से हस्तक्षेप कर सरकारी प्रावधानों के तहत उचित मुआवजा और अन्य सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट
