कानपुर में ट्रेनिंग विमान हादसे का शिकार, इंस्ट्रक्टर और ट्रेनी पायलट की मौत; खेत में गिरा दो इंजन वाला विमान

Shreya Raj
कानपुर में ट्रेनिंग फ्लाइट के दौरान हादसे का शिकार हुआ विमान, दुर्घटना के बाद खेत में मलबे में तब्दील हुआ विमान।

NEWS PR डेस्क : उत्तर प्रदेश के कानपुर में गुरुवार को एक दर्दनाक विमान हादसा हुआ। गंगा किनारे नत्था पुरवा गांव के पास एक दो इंजन वाला चार सीटों का ट्रेनिंग विमान अचानक दुर्घटनाग्रस्त होकर खेत में जा गिरा। हादसे में विमान में सवार इंस्ट्रक्टर पायलट और ट्रेनी पायलट की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए।

गर्ग एविएशन का था ट्रेनिंग विमान

जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त विमान गर्ग एविएशन कंपनी का था। कंपनी नागरिक हवाई अड्डे से फ्लाइंग स्कूल संचालित करती है। बताया गया कि विमान ने गुरुवार सुबह करीब 11:20 बजे कानपुर कैंट क्षेत्र से उड़ान भरी थी। यह एक नियमित ट्रेनिंग फ्लाइट थी।

उड़ान के दौरान अचानक आई तेज आवाज

बताया जा रहा है कि ट्रेनिंग फ्लाइट के दौरान विमान में अचानक तेज आवाज हुई। इसके बाद विमान अनियंत्रित होकर नीचे खेत में जा गिरा। जमीन पर विमान गिरने के बाद आसपास के लोगों ने तेज आवाज सुनी और तुरंत पुलिस व प्रशासन को घटना की सूचना दी।

दोनों पायलटों की मौके पर मौत

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान अभिषेक पुजारी और सचिन भाटिया के रूप में हुई है। अभिषेक पुजारी कर्नाटक के रहने वाले थे और विमान उड़ाने की ट्रेनिंग ले रहे थे वहीं, सचिन भाटिया गुजरात के निवासी थे और ट्रेनर पायलट के तौर पर उन्हें प्रशिक्षण दे रहे थे।

पुलिस-प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और आपातकालीन टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। राहत और बचाव का काम शुरू किया गया। मौके पर पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल, एडिशनल सीपी संकल्प शर्मा, विपिन ताड़ा और CFO दीपक शर्मा समेत कई अधिकारी पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।

हादसे की वजह अभी साफ नहीं

फिलहाल विमान दुर्घटना की सटीक वजह सामने नहीं आई है। शुरुआती जानकारी में उड़ान के दौरान विमान पर नियंत्रण खोने की आशंका जताई जा रही है हालांकि, विमान में तकनीकी खराबी थी या किसी अन्य वजह से हादसा हुआ, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा। जांच टीम घटनास्थल और विमान के मलबे से जरूरी साक्ष्य जुटा रही है।

कानपुर में हुए इस हादसे ने एक बार फिर ट्रेनिंग फ्लाइट्स की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल संबंधित एजेंसियां हादसे के कारणों की जांच में जुटी हैं।

Share This Article